छत्तीसगढ़ कैबिनेट: 'वीबी-जी राम जी योजना' को मंजूरी
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में आज मंत्रालय महानदी भवन में आयोजित कैबिनेट की बैठक में राज्य के विकास और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए कई दूरगामी और महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए. राज्य सरकार ने ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार, महिला सशक्तिकरण और डिजिटल सुशासन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक नई ऐतिहासिक योजना को हरी झंडी दे दी है.
कैबिनेट ने ’’विकसित भारत - रोजगार और आजीविका के लिये गारंटी मिशन (ग्रामीण) : वीबी-जी राम जी योजना छत्तीसगढ़’’ के प्रारूप का अनुमोदन कर दिया है. भारत सरकार के अधिनियम, 2025 के अनुरूप लागू की जा रही इस महत्वाकांक्षी योजना के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों के पात्र परिवारों के वयस्क सदस्यों को प्रत्येक वित्तीय वर्ष में 125 दिनों के अकुशल श्रम आधारित रोजगार की वैधानिक गारंटी दी जाएगी.
योजना के तहत जल संरक्षण, प्राकृतिक संसाधन प्रबंधन, ग्रामीण आधारभूत संरचना निर्माण और टिकाऊ रोजगार के अवसर सृजित किए जाएंगे.
खास बात यह है कि इसमें आधुनिक तकनीक और डिजिटल प्रणालियों के जरिए पारदर्शिता और सुशासन सुनिश्चित किया जाएगा. इस योजना में केंद्र एवं राज्य के व्यय का अनुपात 60:40 होगा, और वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए राज्य के बजट में 4,000 करोड़ रुपये का भारी-भरकम प्रावधान किया गया है.
इसके साथ ही, ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई गति देने और स्थानीय स्तर पर स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए कैबिनेट ने ’’अटल आजीविका समृद्धि हाट’’ योजना शुरू करने का भी बड़ा निर्णय लिया है.
इसके तहत गांवों में हथकरघा, हस्तशिल्प जैसे सृजन केंद्र, दाल-चावल मिल जैसी प्रसंस्करण इकाइयां, और कोल्ड स्टोरेज, सोलर ड्रायर व अटल डिजिटल केंद्र जैसे सेवा और विपणन केंद्र स्थापित किए जाएंगे.
इस योजना के संचालन के लिए पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग को नोडल विभाग और छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन को नोडल एजेंसी बनाया गया है, जिससे स्थानीय उत्पादों को बेहतर बाजार और ग्रामीणों को अपने ही क्षेत्र में आजीविका मिल सकेगी.
राज्य को पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए कैबिनेट ने “छत्तीसगढ़ कम्प्रेस्ड बायोगैस नीति (CG-CBG Policy), 2026” के प्रारूप को भी मंजूरी दी है. इस नीति के तहत राज्य में उपलब्ध कृषि अवशेष, गोबर और नगरीय ठोस अपशिष्ट का वैज्ञानिक प्रबंधन कर उन्हें स्वच्छ बायोगैस (CBG) और जैव उर्वरक में बदला जाएगा.
'छत्तीसगढ़ अंजोर विजन 2047' के मुताबिक प्रदेश में हर साल करीब 5 लाख टन CBG उत्पादन की संभावना है. इस नीति के क्रियान्वयन के लिए छत्तीसगढ़ बायोफ्यूल विकास प्राधिकरण को राज्य नोडल एजेंसी बनाया गया है, जो ऊर्जा विभाग के दिशा-निर्देशों में काम करेगी.
साय कैबिनेट के ये तीनों निर्णय छत्तीसगढ़ के ग्रामीण विकास, रोजगार और हरित ऊर्जा के क्षेत्र में एक नए युग की शुरुआत साबित होंगे.