चिंतन शिविर 2.0: तकनीक और नवाचार से गुड गवर्नेंस
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ सरकार ने अपने प्रशासन को और अधिक प्रभावी व जन-हितैषी बनाने के लिए भारतीय प्रबंध संस्थान (आईआईएम) रायपुर में चिंतन शिविर 2.0 का आयोजन किया. इस शिविर का उद्देश्य केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुँचाने के लिये नवीन तकनीकों और सुशासन के आधुनिक तौर-तरीकों पर विचार-मंथन करना था.
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और उनके मंत्रिमंडल के सहयोगियों ने विशेषज्ञों के साथ मिलकर सुशासन के विभिन्न आयामों पर गहन चर्चा की. इस दौरान प्रशासनिक प्रक्रियाओं को सरल बनाने और जनता की सेवा के लिये आधुनिक तकनीकों को अपनाने पर विशेष ध्यान दिया गया.
शिविर के अंतिम दिन प्रधानमंत्री की आर्थिक सलाहकार परिषद के सदस्य संजीव सान्याल ने "आर्ट ऑफ गुड गवर्नेंस" विषय पर व्याख्यान दिया. उन्होंने प्रशासनिक प्रक्रियाओं को सरल करने, अनावश्यक नियमों को हटाने, राज्य की क्षमताओं को बढ़ाने और सरकारी एजेंसियों के पुनर्गठन जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर प्रकाश डाला. उन्होंने बताया कि सरकारें अपनी नीतियों और उनके कार्यान्वयन को कैसे अधिक प्रभावी बना सकती हैं.
डिजिटल स्वास्थ्य विशेषज्ञ डॉ. राजेंद्र प्रसाद गुप्ता ने डिजिटल स्वास्थ्य तकनीकों के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि ये तकनीकें दूरदराज और पिछड़े क्षेत्रों में भी गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएँ प्रदान करने में सक्षम हैं. उन्होंने ई-हेल्थ रिकॉर्ड्स, टेलीमेडिसिन, मोबाइल हेल्थ ऐप्स और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे उपायों के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ाने की बात कही. डॉ. गुप्ता ने जोर दिया कि डिजिटल स्वास्थ्य तकनीकें न केवल स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करती हैं, बल्कि शासन के प्रति जनता का विश्वास भी बढ़ाती हैं.
राजनीतिक विश्लेषक और लेखक उदय माहुरकर ने "गुड गवर्नेंस टू इलेक्शन" विषय पर भारतीय लोकतंत्र के ऐतिहासिक परिप्रेक्ष्य, राजनीतिक आचरण, प्रशासनिक जवाबदेही और जन-हितैषी नीतियों के कार्यान्वयन पर विस्तृत चर्चा की. उन्होंने कहा कि पारदर्शी और सशक्त शासन व्यवस्था न केवल लोकतंत्र में जनता का भरोसा बढ़ाती है, बल्कि चुनावी प्रक्रिया को भी प्रभावित करती है. उन्होंने स्थानीय स्तर पर सुशासन को मजबूत करने, चुनावों में पारदर्शिता लाने और प्रशासन में नैतिक मूल्यों की स्थापना के उपाय भी सुझाये.
इस अवसर पर मुख्यमंत्री के सचिव राहुल भगत और आईआईएम रायपुर के निदेशक राम काकानी भी उपस्थित थे. चिंतन शिविर 2.0 ने छत्तीसगढ़ में सुशासन को बढ़ावा देने के लिए तकनीक और नवाचार के उपयोग को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है.