बजट: युवाओं के लिए 'उड़ान', 'शिखर' और 'मंजिल' योजनाए
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ सरकार ने राज्य के युवाओं के भविष्य को संवारने और उच्च शिक्षा की नींव मजबूत करने के लिए बड़े निवेश की घोषणा की है. सरकार ने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए 'छत्तीसगढ़ असिस्टेंस फॉर कॉम्पिटिटिव एग्जाम्स' (CG ACE) योजना के तहत 38 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है.
इस पहल के माध्यम से राज्य के छात्रों को तीन विशेष कार्यक्रमों के तहत कोचिंग सहायता प्रदान की जाएगी: नीट, जेईई और क्लैट के लिए 'उड़ान', यूपीएससी और सीजीपीएससी के लिए 'शिखर', और रेलवे, बैंकिंग व एसएससी की तैयारी के लिए 'मंजिल' योजना शुरू की गई है.
उच्च शिक्षा के क्षेत्र में सरकार ने राज्य विश्वविद्यालयों के लिए 731 करोड़ रुपये के अनुदान और 25 नए कॉलेज भवनों के निर्माण के लिए 25 करोड़ रुपये आवंटित किए हैं.
तकनीकी शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग, कवर्धा, रायगढ़, जशपुर और जगदलपुर में नए छत्तीसगढ़ इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (CGIT) केंद्रों की स्थापना हेतु 38 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं.
इसके अतिरिक्त, आईटीआई और पॉलिटेक्निक कॉलेजों के उन्नयन के लिए 50 करोड़ रुपये, नवाचार केंद्रों (36 Inc और STPI) के लिए 35 करोड़ रुपये और ट्रिपल आईटी (IIIT) रायपुर के बुनियादी ढांचे के विकास के लिए 20 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है. यह निवेश राज्य में तकनीकी शिक्षा, नवाचार और डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर को एक नई दिशा देने का प्रयास है.