बैकुंठपुर में रिश्वतखोरी: चौकी प्रभारी और एएसआई निलंबित
मनेन्द्रगढ़ । डेस्क: छत्तीसगढ़ के कोरिया के बैकुंठपुर में पुलिस महकमे के भीतर भ्रष्टाचार पर कड़ा प्रहार किया गया है. यहाँ की बचरापोड़ी पुलिस चौकी में तैनात उप निरीक्षक (SI) अब्दुल मुनाफ और सहायक उप निरीक्षक (ASI) गुरु प्रसाद यादव पर गाज गिरी है.
दरअसल, 24 फरवरी को अंबिकापुर से आई एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने एक सोची-समझी घेराबंदी के दौरान चौकी प्रभारी अब्दुल मुनाफ को शिकायतकर्ता सत्येंद्र कुमार प्रजापति से 25 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया था.
इस मामले की शुरुआती जाँच में एएसआई गुरु प्रसाद यादव की संलिप्तता भी उजागर हुई, जिसके बाद जिले के पुलिस कप्तान ने अनुशासनहीनता और भ्रष्टाचार के गंभीर आरोपों में दोनों अधिकारियों को तुरंत प्रभाव से निलंबित कर दिया है.
फिलहाल दोनों आरोपियों के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. पुलिस विभाग की इस कार्रवाई ने महकमे के भीतर हड़कंप मचा दिया है.