बस्तर में सीमा सड़क संगठन सड़कें और पुल बनायेगा
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बस्तर संभाग में सीमा सड़क संगठन ने आधारभूत संरचना के महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट शुरू किये हैं. जिनका उद्देश्य कनेक्टिविटी बढ़ाना और सुरक्षा को मजबूत करना है.
बीजापुर, सुकमा, नारायणपुर और दंतेवाड़ा जैसे जिलों में केंद्रित ये परियोजनायें दशकों से उपेक्षित क्षेत्रों में विकास और स्थिरता लाने की दिशा में एक बड़ा कदम हैं.
सीमा सड़क संगठन इन जिलों में 683 किलोमीटर लंबी 13 सड़कों और 6,211 मीटर से अधिक लंबाई वाले 11 पुलों का निर्माण करेगा.
ये परियोजनायें सुरक्षा बलों की आवाजाही को आसान बनाने के साथ-साथ दूरस्थ इलाकों तक आवश्यक सेवाओं और विकास कार्यक्रमों को पहुँचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभायेंगी.
छत्तीसगढ़ सरकार के साथ मिलकर काम कर रहा सीमा सड़क संगठन अपने विशेषज्ञता भरे अनुभव का उपयोग कर इन दुर्गम क्षेत्रों में सड़कें और पुल बना रहा है.
इन परियोजनाओं से नक्सल विरोधी अभियानों को बल मिलेगा और सरकारी योजनाओं व आर्थिक अवसरों का लाभ स्थानीय लोगों तक पहुँचेगा.