छत्तीसगढ़ भाजपा संगठन देश में सबसे मजबूत- BJP महासचिव
रायपुर । संवाददाता: भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने बुधवार को रायपुर स्थित कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में आयोजित एक पत्रकार वार्ता के दौरान छत्तीसगढ़ भाजपा संगठन की जमकर प्रशंसा की. उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में भाजपा का संगठन देश के सबसे प्रभावी और सक्रिय संगठनों में से एक है, जो राज्य स्तर से लेकर बूथ स्तर तक अत्यंत कुशलता के साथ कार्य कर रहा है.
अरुण सिंह ने बताया कि केंद्रीय स्तर पर जब भी संगठनात्मक समीक्षा की जाती है, छत्तीसगढ़ पार्टी के कार्यक्रमों को लागू करने में हमेशा अग्रणी राज्यों की सूची में शामिल रहता है. उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की विरासत को सहेजने के लिए कार्यकर्ताओं को बधाई दी और उल्लेख किया कि अटल जी के जन्म शताब्दी वर्ष में छत्तीसगढ़ 175 'अटल परिसर' स्थापित करने वाला देश का एकमात्र राज्य बना है.
विपक्ष पर प्रहार करते हुए अरुण सिंह ने आरोप लगाया कि कांग्रेस और समूचा विपक्ष सरकार के हर सकारात्मक कदम का विरोध करता है. उन्होंने हालिया संसद सत्र का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस के पास उठाने के लिए कोई ठोस मुद्दा नहीं था, इसलिए उसने केवल बाहर जाकर भ्रम फैलाने की कोशिश की.
उन्होंने ‘VBG राम जी’ पहल के बारे में स्पष्ट किया कि इसके तहत 125 दिनों के रोजगार की गारंटी दी जा रही है, जिसमें कार्ययोजना का निर्णय स्थानीय स्तर पर ग्राम सभा और पंचायतों द्वारा लिया जाएगा. मनरेगा पर बोलते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि जहाँ केवल कागजों पर काम हो रहा था, वहाँ फंड रोका गया है और अब बायोमेट्रिक व कंप्यूटरीकरण के जरिए पारदर्शिता सुनिश्चित की जा रही है.
आंतरिक सुरक्षा के मुद्दे पर अरुण सिंह ने बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में भारत तेजी से नक्सल मुक्त होने की ओर बढ़ रहा है. उन्होंने लक्ष्य निर्धारित करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार के सहयोग से 31 मार्च 2026 तक देश से सशस्त्र नक्सलवाद को पूरी तरह खत्म कर दिया जाएगा.
उन्होंने कहा कि सरकार की नीति स्पष्ट है सशस्त्र उग्रवादियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और मुख्यधारा में लौटने वालों के लिए पुनर्वास. साथ ही, उन्होंने पश्चिम बंगाल की तृणमूल सरकार पर भ्रष्टाचार और तुष्टीकरण का आरोप लगाते हुए दावा किया कि वहां भाजपा आगामी चुनाव में भारी बहुमत से सरकार बनाएगी.
छत्तीसगढ़ की दो साल की 'डबल इंजन' सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए अरुण सिंह ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व की सराहना की. उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत स्वीकृत 24 लाख मकानों में से 16 लाख का निर्माण पूर्ण हो चुका है, जो सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है.
उन्होंने कहा कि बस्तर जैसे क्षेत्रों में हो रहा विकास अब देश की जीडीपी में योगदान दे रहा है. इस पत्रकार वार्ता में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव, प्रदेश महामंत्री डॉ. नवीन मार्कण्डेय, यशवंत जैन और प्रदेश उपाध्यक्ष जगन्नाथ पाणिग्रही सहित अन्य प्रमुख नेता उपस्थित रहे.