छत्तीसगढ़: बस्तर अस्पताल में खुले में बायो-मेडिकल वेस्ट, संक्रमण का खतरा
बस्तर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल स्व. महेंद्र कर्मा अस्पताल, डिमरापाल में गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है. अस्पताल से निकलने वाला बायो-मेडिकल वेस्ट खुले में फेंका जा रहा है, जिससे संक्रमण फैलने का खतरा बढ़ गया है. जानकारी के अनुसार अस्पताल में इस अपशिष्ट को वैज्ञानिक तरीके से नष्ट करने की कोई ठोस व्यवस्था अब तक नहीं की गई है.
बताया जा रहा है कि बायो-मेडिकल वेस्ट में मानव शरीर के अंग, खून से सना कचरा, इस्तेमाल की गई सिरिंज, नुकीली वस्तुएं और सामान्य कचरा सब कुछ एक साथ जमीन पर खुले में डाला जा रहा है. यह स्थिति अस्पताल परिसर में ही पोस्टमार्टम रूम से करीब 200 मीटर की दूरी पर देखी जा रही है.
गौरतलब है कि बायो-मेडिकल वेस्ट मैनेजमेंट नियम 2016 के तहत संक्रमित कचरे को पीली, लाल, नीली और काली श्रेणी में अलग-अलग संग्रहित कर वैज्ञानिक तरीके से नष्ट करना अनिवार्य है. पर्यावरण संरक्षण अधिनियम 1986 और केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के दिशा-निर्देशों के अनुसार संक्रमित कचरे को खुले में फेंकना दंडनीय अपराध है, जिसमें जुर्माना और जेल दोनों का प्रावधान है. इसके बावजूद अस्पताल प्रबंधन द्वारा नियमों का पालन नहीं किया जा रहा है.
डॉक्टर महेंद्र प्रसाद के अनुसार इस प्रकार के संक्रमित कचरे से टीबी, निमोनिया, दस्त और टिटनेस जैसी गंभीर बीमारियां फैल सकती हैं. लंबे समय तक इसके संपर्क में रहने से कैंसर, श्वसन रोग और जन्मजात विकारों का खतरा भी कई गुना बढ़ जाता है. यह कचरा मिट्टी और भू-जल को प्रदूषित करता है और हवा में संक्रमण फैलाता है.
उन्होंने कहा कि यह केवल अस्पताल परिसर का मामला नहीं है, बल्कि पूरे शहर के स्वास्थ्य के लिए खतरा है. रोजाना सैकड़ों लोग इस अस्पताल में इलाज के लिए पहुंचते हैं और ऐसी अव्यवस्थाओं के कारण स्वस्थ व्यक्ति भी संक्रमण की चपेट में आ सकते हैं.
वहीं अस्पताल अधीक्षक डॉ. अनुरूप साहू का कहना है कि बायो-मेडिकल वेस्ट को अलग-अलग डिब्बों में संग्रहित किया जाता है, लेकिन फिलहाल इसे वैज्ञानिक तरीके से नष्ट करने की अलग व्यवस्था उपलब्ध नहीं है. इसी कारण इसे अस्पताल परिसर के अंदर एक स्थान पर एक साथ फेंका जा रहा है.
उन्होंने बताया कि अपशिष्ट को दफनाने के लिए गड्ढे खोदे गए हैं, लेकिन उनमें बायो-मेडिकल वेस्ट क्यों नहीं डाला जा रहा है, इसकी जानकारी ली जा रही है. अस्पताल अधीक्षक ने जल्द ही व्यवस्था दुरुस्त करने का आश्वासन दिया है.
बायो-मेडिकल वेस्ट मैनेजमेंट के प्रमुख नियम:
(Bio-Medical Waste Management Rules, 2016 एवं संशोधन के अनुसार)
स्रोत पर पृथक्करण (Segregation at Source)
अस्पताल/क्लिनिक में कचरे को उत्पन्न होते ही अलग-अलग रंग के डिब्बों/बैग में रखना अनिवार्य है.
पीला (Yellow): मानव अंग, खून से सना कचरा, ड्रेसिंग सामग्री आदि – इन्सिनरेशन/गहरी दफन.
लाल (Red): प्लास्टिक ट्यूब, कैथेटर, IV सेट – डिसइन्फेक्शन के बाद रीसाइक्लिंग.
नीला (Blue): कांच की बोतलें, शीशियां – डिसइन्फेक्शन/रीसाइक्लिंग.
सफेद/पंक्चर-प्रूफ कंटेनर: सुई, सिरिंज, नुकीली वस्तुएं (Sharps) – सुरक्षित निपटान.
मिक्सिंग पर रोक
बायो-मेडिकल वेस्ट को सामान्य कचरे के साथ मिलाना प्रतिबंधित है.
लेबलिंग और बारकोड
सभी बैग/कंटेनर पर बायोहाज़र्ड चिन्ह और आवश्यक विवरण अनिवार्य है. बड़े संस्थानों में बारकोडिंग भी जरूरी है.
अस्थायी भंडारण की सीमा
अस्पताल परिसर में कचरे को 48 घंटे से अधिक बिना उपचार के नहीं रखा जा सकता.
उपचार और निपटान (Treatment & Disposal)
अधिकृत Common Bio-Medical Waste Treatment Facility (CBWTF) के माध्यम से वैज्ञानिक तरीके से नष्ट करना अनिवार्य है. जहां सुविधा उपलब्ध नहीं हो, वहां स्वीकृत ऑन-साइट व्यवस्था आवश्यक है.
रिकॉर्ड और वार्षिक रिपोर्ट
स्वास्थ्य संस्थानों को कचरे की मात्रा, निपटान और प्रशिक्षण का रिकॉर्ड रखना तथा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को वार्षिक रिपोर्ट देना अनिवार्य है.
प्राधिकरण (Authorization)
हर अस्पताल/नर्सिंग होम को राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से अनुमति लेना आवश्यक है.
उल्लंघन पर दंड
पर्यावरण संरक्षण अधिनियम, 1986 के तहत नियमों का उल्लंघन दंडनीय अपराध है-जिसमें जुर्माना और कारावास का प्रावधान है.