बिलासपुर ट्रेन त्रासदी में मरने वालों की संख्या 12 हुई
बिलासपुर । संवाददाता: 4 नवंबर को बिलासपुर में हुए दर्दनाक ट्रेन हादसे में घायल हुई एक 19 वर्षीय महिला की बुधवार 12 नवंबर 2025 को अस्पताल में मौत हो गई. इससे बिलासपुर ट्रेन दुर्घटना में मरने वालों की संख्या बढ़कर 12 हो गई है.
बिलासपुर के पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने बताया कि घायल पीड़िता, महविश परवीन, जो अस्पताल में भर्ती थी, ने बुधवार को दम तोड़ दिया.
गौरतलब है कि 4 नवंबर को गेवरा से बिलासपुर जा रही एक मेमू यात्री ट्रेन एक खड़ी मालगाड़ी से टकरा गई थी. इस हादसे में 11 लोग मारे गए थे और 20 घायल हुए थे. मारे गए लोगों में यात्री ट्रेन के लोको पायलट विद्या सागर भी शामिल थे.
रेलवे द्वारा की गई शुरुआती जांच में कथित तौर पर यह पाया गया है कि मेमू यात्री ट्रेन का क्रू लाल सिग्नल पर ट्रेन को नियंत्रित करने में विफल रहा था.