बिलासपुर: हेरफेर करने वाली SBI की महिला कैशियर गिरफ्तार
बिलासपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में भ्रष्टाचार निवारण ब्यूरो ने स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की बिल्हा शाखा में हुए करोड़ों के वित्तीय घोटाले का पर्दाफाश करते हुए आरोपी महिला कैशियर को गिरफ्तार कर लिया है. कैशियर तेजावत तिरुपथम्मा पर बैंक के दस्तावेजों और खातों के साथ छेड़छाड़ कर 2.06 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी करने का आरोप है.
यह मामला साल 2025 में तब सामने आया जब शाखा प्रबंधक पीयूष बारा ने विभागीय जांच करवाई. जांच में पाया गया कि कैशियर ने अन्य कर्मचारियों के साथ मिलकर बैंक फंड में हेराफेरी की थी.
अनियमितताएं उजागर होने के बाद बैंक प्रबंधन ने जून 2025 में उसे निलंबित कर क्षेत्रीय व्यवसाय कार्यालय जगदलपुर संबद्ध कर दिया था, लेकिन वह वहां शामिल होने के बजाय फरार हो गई.
ACB ने इस मामले में 19 जनवरी 2026 को भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया था.
पिछले 8 महीनों से पुलिस को छका रही आरोपी महिला गुरुवार को जब चुपके से बिल्हा बैंक पहुंची, तब मुखबिर की सूचना पर ACB की टीम ने घेराबंदी कर उसे धर दबोचा. ब्यूरो अब आरोपी को कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड पर लेने की तैयारी कर रहा है ताकि गबन की गई राशि और इस घोटाले में शामिल अन्य लोगों के बारे में सुराग मिल सके.