बिलासपुर: रतनपुर में रोड एक्सीडेंट, दो की मौके पर मौत, एक घायल
बिलासपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के रतनपुर थाना क्षेत्र के कोटा रोड पर स्थित जुनाशहर के निकट शुक्रवार शाम एक दिल दहला देने वाली दुर्घटना में दो युवकों की मौके पर ही जान चली गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया.
मृतकों में भौरीडीह निवासी रेलवे कर्मचारी मनहरण कमल (पिता गणेश राम) और शिवकुमार धनुवार शामिल हैं. मनहरण कमल ड्यूटी पर जाने के लिए अपनी बाइक से निकले थे, तभी सामने से आ रही शिवकुमार धनुवार की बाइक से उनकी जोरदार आमने-सामने टक्कर हो गई. टक्कर की तीव्रता इतनी अधिक थी कि दोनों बाइक सवारों की मौके पर ही मौत हो गई.
शिवकुमार की बाइक पर पीछे बैठे कृष्ण कुमार धनुवार को भी गंभीर चोटें आई हैं. उन्हें तुरंत रतनपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए बिलासपुर के सिम्स अस्पताल रेफर कर दिया गया है. उनकी हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है.
घटना की सूचना मिलते ही रतनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और संभावित लेन उल्लंघन को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है.