बिलासपुर: भीषण सड़क हादसे में 4 लोगों की मौत
बिलासपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर के सकरी थाना क्षेत्र में गुरुवार की देर रात एक रोंगटे खड़े कर देने वाली सड़क दुर्घटना हुई, जिसमें चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई. रायपुर-रतनपुर नेशनल हाईवे पर संबलपुरी गांव के पास यह हादसा उस वक्त हुआ जब एक अनियंत्रित ट्रेलर गलत दिशा से आते हुए सामने से आ रही स्कॉर्पियो पर चढ़ गया.
टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार चार लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि एक अन्य व्यक्ति जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है.
मिली जानकारी के अनुसार, स्कॉर्पियो में सवार सभी लोग एक पारिवारिक वैवाहिक वर्षगांठ के जश्न से लौट रहे थे, लेकिन रास्ते में ही काल ने उन्हें घेर लिया.
रात करीब 3 बजे हुए इस एक्सीडेंट के बाद हाईवे पर चीख-पुकार मच गई.
सूचना मिलते ही सकरी पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और गैस कटर की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद मलबे में तब्दील हो चुकी गाड़ी से शवों को बाहर निकाला.
मृतकों की पहचान छत्रपाल रात्रे, विशाल लहरें, अनमोल लहरें और सोनू मिरी के रूप में हुई है. वहीं, गंभीर रूप से घायल प्रकाश रात्रे को सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
पुलिस ने आरोपी ट्रेलर चालक को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच जारी है.