कवासी लखमा की जमानत याचिका खारिज
बिलासपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित शराब घोटाले में पूर्व आबकारी मंत्री कवासी लखमा को बिलासपुर हाईकोर्ट से बड़ा झटका लगा है. हाईकोर्ट ने उनकी जमानत याचिका को खारिज कर दिया है.
जस्टिस अरविंद वर्मा की बेंच ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जमानत देने से इनकार कर दिया. कवासी लखमा इस समय शराब घोटाले के आरोप में जेल में बंद हैं.
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने कवासी लखमा को 15 जनवरी 2025 को इस मामले में गिरफ्तार किया था. इसके साथ ही आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) ने भी इस घोटाले में केस दर्ज किया और उनकी गिरफ्तारी की. जांच के बाद ईओडब्ल्यू ने चार्जशीट दाखिल की थी.
लखमा ने अपने वकील हर्षवर्धन के जरिये जमानत के लिये कई याचिकाएं दायर की थीं. शुक्रवार को ईओडब्ल्यू की गिरफ्तारी से संबंधित जमानत याचिका पर सुनवाई हुई. उनके वकील ने तर्क दिया कि 2024 में दर्ज हुए मामले में डेढ़ साल बाद गिरफ्तारी की गई, जो अनुचित है.
उन्होंने यह भी दावा किया कि लखमा का पक्ष सुने बिना ही कार्रवाई की गई और उन्हें राजनीतिक साजिश के तहत फंसाया गया है. वकील ने कोर्ट को बताया कि उनके खिलाफ कोई ठोस सबूत नहीं हैं और केवल बयानों के आधार पर उन्हें आरोपी बनाया गया है.
वहीं, सुनवाई के दौरान ईओडब्ल्यू की ओर से अतिरिक्त महाधिवक्ता विवेक शर्मा ने कोर्ट को बताया कि चार्जशीट में साफ है कि कवासी लखमा के बंगले में हर महीने 2 करोड़ रुपये कमीशन के रूप में पहुंचते थे.
उन्होंने दावा किया कि शराब घोटाला एक संगठित सिंडिकेट की तरह संचालित हो रहा था, जिसमें अधिकारियों से लेकर मंत्रियों तक कमीशन का लेन-देन होता था. ईओडब्ल्यू ने लखमा के 27 करीबी लोगों के बयान दर्ज किए, जिनमें उनकी संलिप्तता और साजिश के सबूत मौजूद हैं.
कोर्ट ने सभी पक्षों को सुनने के बाद यह निष्कर्ष निकाला कि मामले की गंभीरता और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जमानत देना उचित नहीं है.