बेमेतरा सांप्रदायिक हिंसा: पिता-पुत्र हत्याकांड में सभी 17 आरोपी बरी
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में 2023 की बिरनपुर सांप्रदायिक हिंसा के दौरान एक पिता-पुत्र की हत्या के मामले में जिला एवं सत्र न्यायालय ने बड़ा फैसला सुनाया है. कोर्ट ने हत्या के आरोप में गिरफ्तार सभी 17 आरोपियों को सबूतों के अभाव में और संदेह का लाभ देते हुए पूरी तरह बरी कर दिया है.
यह घटना अप्रैल 2023 में हुई थी, जब बिरनपुर गांव में दो नाबालिगों के बीच झगड़े के बाद सांप्रदायिक तनाव भड़क गया. बहुसंख्यक और अल्पसंख्यक समुदायों के बीच संघर्ष में भुनेश्वर साहू (22) नामक युवक की हत्या हुई थी, जिसके बाद राजनीतिक हंगामा मचा.
इसके ठीक दो दिन बाद 11 अप्रैल को बिरनपुर के रहने वाले पशुपालक रहीम उममद मोहम्मद (55) और उनके बेटे ईदुल मोहम्मद (35) के शव कोरवई इलाके में मिले थे, जिन पर गंभीर चोट के निशान थे.
पुलिस ने इस डबल मर्डर केस सहित कुल छह FIR दर्ज की थीं और 17 लोगों को गिरफ्तार किया गया था. घटना के समय गांव में भारी पुलिस बल मौजूद था, फिर भी हत्याएं हुईं. एक दिन पहले रहीम की विवाहित बेटी के घर में आगजनी भी हुई थी.
इस मामले ने राजनीतिक रंग ले लिया था. भुनेश्वर साहू की हत्या के बाद विश्व हिंदू परिषद (VHP) ने बंद का आह्वान किया, जिसे तब विपक्ष में रही भाजपा ने समर्थन दिया. 2023 के विधानसभा चुनाव में भुनेश्वर के पिता ईश्वर साहू को भाजपा ने टिकट दिया और वे साजा सीट से कांग्रेस के दिग्गज रविंद्र चौबे को हराकर विधायक बने.
बाद में भाजपा सरकार बनने पर भुनेश्वर साहू हत्याकांड की जांच CBI को सौंपी गई. हालांकि, रहीम और ईदुल हत्याकांड में अब तीन साल की लंबी सुनवाई के बाद कोर्ट ने अभियोजन पक्ष के सबूतों को अपर्याप्त बताते हुए सभी आरोपियों को दोषमुक्त घोषित कर दिया है.
यह फैसला बेमेतरा जिले में वर्षों पुराने सांप्रदायिक तनाव के इस मामले को कानूनी रूप से समाप्त करता है, लेकिन घटना के राजनीतिक और सामाजिक प्रभाव अब भी चर्चा में बने हुए हैं.
गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले के बिरनपुर गांव में अप्रैल 2023 में हुई सांप्रदायिक हिंसा एक छोटे विवाद से शुरू होकर तीन मौतों और बड़े राजनीतिक हंगामे में बदल गई. घटना की शुरुआत 8 अप्रैल 2023 को दो स्कूली बच्चों (दो अलग-अलग समुदायों से) के बीच मामूली झगड़े से हुई, जो जल्द ही पत्थरबाजी, लाठी-डंडों और हिंसक झड़प में बदल गई.
इस दौरान साजा विधायक ईश्वर साहू के 22 वर्षीय बेटे भुनेश्वर साहू को लाठियों से पीट-पीटकर मार डाला गया, जिसमें तीन पुलिसकर्मी भी घायल हुए. गांव में जनवरी से ही अंतर-धार्मिक विवाहों के कारण तनाव बढ़ रहा था, जिसने स्थिति को और भड़काया.
भुनेश्वर साहू की मौत के बाद तनाव चरम पर पहुंच गया. विश्व हिंदू परिषद (VHP) ने 10 अप्रैल को छत्तीसगढ़ बंद का आह्वान किया, जिसे तब विपक्ष में रही भाजपा ने समर्थन दिया. बंद के दौरान हिंसा भड़की, मुस्लिम समुदाय के कई घरों में आगजनी हुई और धारा 144 लागू कर कर्फ्यू जैसी स्थिति बनी. 11 अप्रैल को कोरवई इलाके में पशुपालक रहीम उममद मोहम्मद (55) और उनके बेटे ईदुल मोहम्मद (35) के शव मिले, जिन पर गंभीर चोट के निशान थे.
पुलिस ने कुल छह FIR दर्ज कीं, जिसमें हत्या, दंगा और सांप्रदायिक वैमनस्य की धाराएं लगाई गईं. भुनेश्वर हत्या केस में कई आरोपित हुए, जबकि रहीम-ईदुल हत्या में 17 लोगों को गिरफ्तार किया गया.
इस घटना ने राजनीतिक रंग ले लिया. 2023 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने भुनेश्वर के पिता ईश्वर साहू को टिकट दिया, जिन्होंने साजा सीट से कांग्रेस के दिग्गज रविंद्र चौबे को हराकर विधायक बने. सत्ता में आने के बाद भाजपा सरकार ने भुनेश्वर साहू हत्या केस CBI को सौंप दिया, जहां CBI ने राजनीतिक साजिश से इनकार करते हुए चार्जशीट दाखिल की.
वहीं, रहीम और ईदुल हत्या केस अलग चला. तीन साल की लंबी सुनवाई के बाद 17 फरवरी 2026 को बेमेतरा जिला एवं सत्र न्यायालय ने अभियोजन पक्ष के सबूतों को अपर्याप्त बताते हुए सभी 17 आरोपियों को संदेह का लाभ देकर पूरी तरह बरी कर दिया.