बस्तर सुपर स्पेशलिटी अस्पताल की फीस कॉर्पोरेट अस्पताल के समान !
जगदलपुर । संवाददाता: बस्तर की जनता को बेहतर और सुलभ इलाज उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप मॉडल पर बनाए गए बस्तर सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में जनता से निजी कॉर्पोरेट अस्पतालों के समान फीस वसूली जा रही है. करीब 200 करोड़ रुपये की सरकारी लागत से तैयार इस अस्पताल के मनमाने फीस से आम मरीज और ग्रामीण जनता परेशान है.
मिली जानकारी के मुताबिक, जगदलपुर से लगे डिमरापाल में बने इस सुपर स्पेशलिटी अस्पताल का संचालन हैदराबाद की कॉन्टिनेंटल नामक निजी स्वास्थ्य संस्था को सौंपा गया है. सरकार की मंशा थी कि यहां इलाज सरकारी दरों पर होगा, ताकि बस्तरवासियों को रायपुर, हैदराबाद और विशाखापट्टनम जैसे बड़े शहरों में महंगे इलाज और यात्रा से राहत मिल सके. लेकिन जमीनी हकीकत इससे उलट नजर आ रही है.
अस्पताल में ओपीडी रजिस्ट्रेशन के नाम पर 450 रुपये और एमआरआई जांच के लिए लगभग 9 हजार रुपये तक की फीस ली जा रही है. मरीजों का आरोप है कि सरकारी भवन और संसाधनों में संचालित यह अस्पताल निजी संस्थान की तरह मनमानी कर रहा है. महंगे शुल्क के कारण दूर-दराज के ग्रामीण इलाकों से इलाज कराने आने वाले मरीजों को भारी आर्थिक बोझ झेलना पड़ रहा है.
महंगी फीस के खिलाफ कांग्रेस का धरना
बुधवार को बस्तर जिला कांग्रेस कमेटी ने अस्पताल की महंगी फीस के विरोध में अस्पताल गेट के सामने धरना-प्रदर्शन किया. प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार ने सरकारी पैसे से बनी इस स्वास्थ्य सुविधा को निजी हाथों में सौंपकर जनता के हितों से समझौता किया है.
प्रदर्शन को देखते हुए अस्पताल परिसर में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया.
कांग्रेस जिला अध्यक्ष सुशील मौर्य ने कहा कि जब निजी संस्था को अस्पताल संचालन सौंपा गया था, तब स्पष्ट किया गया था कि इलाज सरकारी दरों पर होगा. लेकिन वर्तमान में ली जा रही फीस कॉर्पोरेट अस्पतालों जैसी है.
कांग्रेस ने तोकापाल एसडीएम के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपते हुए चेतावनी दी है कि मांगें पूरी नहीं हुईं तो आंदोलन और तेज किया जाएगा.
संसाधन अधूरे, विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी
खास बात यह है कि अस्पताल में कार्डियोलॉजी, न्यूरोलॉजी, नेफ्रोलॉजी, कैंसर और गंभीर सर्जरी जैसी सुपर स्पेशलिटी सेवाओं के दावे किए गए थे. कहा गया था कि 24 घंटे आईसीयू, ओपीडी और आपात सेवाएं उपलब्ध होंगी. लेकिन हकीकत यह है कि कई विभाग अब तक पूरी तरह शुरू नहीं हो पाए हैं.
अस्पताल में विशेषज्ञ डॉक्टरों की स्थायी तैनाती नहीं हो सकी है और ओपीडी में भी विशेषज्ञों की भारी कमी बताई जा रही है. नतीजतन, करोड़ों रुपये की मशीनरी और भव्य भवन होने के बावजूद मरीजों को अपेक्षित विशेषज्ञ इलाज नहीं मिल पा रहा, जबकि उनसे भारी-भरकम शुल्क वसूला जा रहा है.
फीस की जानकारी से अफसर भी अनजान
इस मामले में बस्तर संभाग के कमिश्नर डोमन सिंह ने कहा कि उन्हें अस्पताल में तय की गई फीस की कोई आधिकारिक जानकारी नहीं है. मेडिकल कॉलेज के स्वशासी अध्यक्ष होने के नाते उन्हें इस संबंध में जानकारी दी जानी चाहिए थी.
उन्होंने कहा कि यदि ओपीडी पर्ची या अन्य सेवाओं पर मनमानी शुल्क वसूली की जा रही है, तो इसकी जांच कर कार्रवाई की जाएगी.
गौरतलब है कि अस्पताल द्वारा तय की गई फीस को अब तक सरकार की औपचारिक मंजूरी भी नहीं मिली है, बावजूद इसके मरीजों से शुल्क लिया जा रहा है.
सरकारी ढांचे में संचालित इस सुपर स्पेशलिटी अस्पताल की बढ़ती फीस और अधूरी सुविधाओं ने बस्तर की जनता के बीच गहरी नाराजगी पैदा कर दी है.