बस्तर: 10 सालों में मलेरिया 71 फीसदी कम हुआ
बस्तर: मलेरिया 71 फीसदी कम हुआ
रायपुर । संवादाता: छ्तीसगढ़ के बस्तर में साल 2015 की तुलना में मलेरिया के मामलों में 71 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई है. यह कोई सामान्य उपलब्धि नहीं, बल्कि एक सुव्यवस्थित, सतत और वैज्ञानिक रणनीति का परिणाम है. राज्य का वार्षिक परजीवी सूचकांक (API) भी 27.40 से घटकर 7.11 तक आ गया है, जो दर्शाता है कि मलेरिया पर राज्य ने प्रभावी नियंत्रण पाया है.
गौरतलब है कि ‘मलेरिया मुक्त छत्तीसगढ़ अभियान’के 12वें चरण ने अपने दायरे का विस्तार किया है. 25 जून से जारी इस चरण के अंतर्गत छत्तीसगढ़ के 10 जिलों में गहन जांच, उपचार और जनजागरूकता अभियान चलाया गया.
अब तक 19,402 घरों का दौरा किया गया है और 98,594 लोगों की रक्त जांच की गई है. इनमें से 1,265 लोग मलेरिया पॉजिटिव पाये गये. सबसे अहम बात यह रही कि सभी संक्रमित व्यक्तियों को मौके पर ही दवा की पहली खुराक उपलब्ध कराई गई, वह भी पूरी सावधानी के साथ. पहले मरीजों को स्थानीय खाद्य पदार्थ खिलाया गया, ताकि दवा का प्रभाव सुरक्षित और प्रभावशाली रहे. प्रत्येक मरीज को उपचार कार्ड दिया गया है, ताकि फॉलोअप के जरिये पूरी निगरानी सुनिश्चित की जा सके.
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने अभियान की प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि मलेरिया से जंग अब केवल इलाज की नहीं, यह रणनीति और जनसहभागिता की लड़ाई बन गई है. उनका मानना है कि सरकार ने जो लक्ष्य तय किया है-2027 तक ‘शून्य मलेरिया’ और 2030 तक ‘पूर्ण मलेरिया मुक्त छत्तीसगढ़’-उसे केवल दस्तावेज़ी नहीं, बल्कि यथार्थ के रूप में साकार किया जा रहा है.
इस अभियान की सफलता में मितानिनों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, ग्राम पंचायतों और स्वयंसेवी संगठनों की भागीदारी भी उल्लेखनीय रही है. यह केवल एक स्वास्थ्य कार्यक्रम नहीं, बल्कि अब एक जनआंदोलन बन चुका है. जांच और इलाज के साथ-साथ लोगों को मच्छरदानी के नियमित उपयोग, जलजमाव की रोकथाम और साफ-सफाई जैसे व्यवहारिक उपायों के प्रति जागरूक किया जा रहा है.