इंश्योरेंस के नाम पर 20 लाख की साइबर ठगी का भंडाफोड़
बस्तर । संवाददाता: साइबर ठगी के खिलाफ छत्तीसगढ़ के बस्तर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है. नगरनार थाना क्षेत्र में दर्ज 20 लाख रुपए की साइबर ठगी के मामले में पुलिस ने दिल्ली के जनकपुरी स्थित एक फर्जी कॉल सेंटर का पर्दाफाश करते हुए यहाँ से 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है.
दरअसल बीते अप्रैल महीने में नगरनार निवासी कमलोचन कश्यप ने थाना नगरनार में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनसे इंश्योरेंस प्रीमियम की राशि जमा करने के नाम पर अलग-अलग किश्तों में करीब 20 लाख रुपए वसूले लिए गए. गिरोह के द्वारा फर्जी बैंक खातों में यह राशि जमा करवाई जा रही थी. जब इंश्योरेंस की मैच्योरिटी राशि लेने का समय आया, तब उन्हें ठगी का एहसास हुआ.
शिकायत के बाद नगरनार थाना और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने तकनीकी जांच शुरू की. जांच के दौरान इन ठगों की लोकेशन दिल्ली के आसपास मिलने की पुष्टि हुई.
इसके बाद पुलिस की टीम ने दिल्ली के जनकपुरी इलाके में छापेमार कार्रवाई की. जहां एक कॉल सेंटर के जरिए यह पूरी ठगी संचालित की जा रही थी. छापे के दौरान पुलिस ने कॉल सेंटर से कुल पांच लोगों को गिरफ्तार किया. जिनमें इस गिरोह का मुख्य सरगना ओमप्रकाश गुप्ता को भी गिरफ्तार किया गया. साथ ही इस कॉल सेंटर में काम कर रही चार युवतियों को भी गिरफ्तार किया गया है.
बस्तर के एसपी सलभ सिन्हा ने बताया कि आरोपियों के कब्जे से वायरलेस फोन, मोबाइल फोन, लैपटॉप और कई अहम दस्तावेज बरामद किए गए हैं. इन दस्तावेजों से अलग-अलग राज्यों में साइबर ठगी किए जाने के प्रमाण मिले हैं.
इस गिरोह ने छत्तीसगढ़ के भी 5 से 6 जिलों में इसी तरह की ठगी कर लोगों को शिकार बनाया जिसके साक्ष्य भी पुलिस को मिले हैं. आरोपियों से पूछताछ के दौरान कई अहम जानकारियां मिली हैं.
सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा है. साथ ही, इस मामले में इंश्योरेंस कंपनी से जुड़े संभावित लिंक भी सामने आए हैं. जिनकी जांच की जा रही है.
एसपी ने स्पष्ट किया कि आने वाले समय में जैसे-जैसे नए लिंक सामने आएंगे, उन पर भी सख्त कार्रवाई की जाएंगी. साथ ही उन्होंने बस्तरवासियों से भी अपील करते हुए इस तरह के फर्जी फोन आने पर सचेत रहने और फर्जी कंपनियों के झांसे में नही आने के साथ ही साइबर फ्रॉड से सावधान रहने की सलाह दी है.