बैंक ऑफ बड़ौदा का रायपुर में जोनल कार्यालय
रायपुर । संवाददाता: बैंक ऑफ बड़ौदा ने छत्तीसगढ़ में अपनी सेवाओं को और सशक्त करने के उद्देश्य से रायपुर में एक नया जोनल कार्यालय स्थापित किया है. यह पहल बैंक की रणनीति का हिस्सा है, जिसका लक्ष्य भौतिक ढांचे को मजबूत करने के साथ-साथ डिजिटल बैंकिंग को बढ़ावा देना है. यह कार्यालय क्षेत्र में प्रशासनिक कार्यों को और सुचारु करेगा.
इस जोनल कार्यालय का उद्घाटन 14 जुलाई को वित्तीय सेवा विभाग के सचिव एम. नागराजू ने वर्चुअल माध्यम से किया. इस अवसर पर सरकार और बैंक के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे.
नागराजू ने जोर देकर कहा कि इस नई सुविधा का उपयोग किसानों, उद्यमियों, महिलाओं और स्वयं-सहायता समूहों को ऋण सुविधाये प्रदान करने में किया जाना चाहिये. उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि छत्तीसगढ़ का खनिज संपदा और कृषि क्षेत्र इसे बैंकिंग सेवाओं के लिए एक आकर्षक क्षेत्र बनाता है.
बैंक ऑफ बड़ौदा के प्रबंध निदेशक और सीईओ देबदत्त चंद ने कहा कि रायपुर में यह नया कार्यालय स्थानीय स्तर पर त्वरित और प्रभावी सेवायें प्रदान करने में सहायक होगा. "छत्तीसगढ़ भारत के सबसे गतिशील और समृद्ध राज्यों में से एक है. हमारा ध्यान विकेंद्रीकरण, तेज कार्यान्वयन और समावेशी विकास पर है, जिसके चलते हमने रायपुर में जोनल कार्यालय स्थापित करने का निर्णय लिया," उन्होंने कहा.
यह जोनल कार्यालय 212 शाखाओं और चार क्षेत्रीय कार्यालयों को संचालित करेगा, जिनमें से लगभग 66 फीसदी शाखायें ग्रामीण और अर्ध-शहरी क्षेत्रों में हैं. बैंक इस कार्यालय के जरिये सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों (MSME) को समर्थन देने, स्थानीय उद्योगों को बढ़ावा देने और खुदरा, SME तथा कृषि से संबंधित ऋणों को प्रोत्साहित करने की योजना बना रहा है.
यह कार्यालय 'बॉब वर्ल्ड' ऐप जैसी डिजिटल बैंकिंग सेवाओं को लागू करने और पूरे राज्य में वित्तीय जागरूकता कार्यक्रमों को बढ़ावा देने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभायेगा. इसके अलावा, यह महिला उद्यमियों तक पहुंच को मजबूत करने और सरकारी योजनाओं को लागू करने के लये गैर-सरकारी संगठनों और स्थानीय संस्थाओं के साथ सहयोग को प्रोत्साहित करेगा.
बैंक ऑफ बड़ौदा की योजना वित्तीय वर्ष 2026 में देशभर में 200 नई शाखाएं खोलने की है. रायपुर जोनल कार्यालय देश भर में फैले 25 जोनल कार्यालयों के नेटवर्क का हिस्सा है, जो क्षेत्रीय संचालन और नियामक अनुपालन के लिए प्रशासनिक केंद्र के रूप में काम करते हैं. बैंक ने वित्तीय वर्ष 2025 में 19,581 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ कमाया.
बैरन बाजार में स्थित यह कार्यालय ग्राहक शिकायतों के निवारण, बेहतर ग्राहक सेवा और जोखिम प्रबंधन में सुधार लाने में सहायता करेगा. बैंक ने कहा कि वह स्थानीय प्रतिभाओं में निवेश जारी रखेगा और मध्य भारत के विकासशील और औद्योगिक जिलों में वित्तीय सेवाओं का विस्तार करेगा.