छत्तीसगढ़: महिला जनप्रतिनिधियों के 'पति-प्रतिनिधि' कल्चर पर रोक
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ सरकार ने नगरीय निकायों की निर्वाचित महिला प्रतिनिधियों द्वारा अपने परिजनों या करीबियों को प्रतिनिधि या समन्वयक (कोऑर्डिनेटर) नियुक्त करने की प्रथा पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है. राज्य के नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने 'छत्तीसगढ़ नगरपालिका नियम, 2022' में संशोधन करते हुए इस संबंध में आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी है.
राजपत्र में प्रकाशित नए प्रावधानों के अनुसार, अब किसी भी महिला जनप्रतिनिधि का पति, पुत्र, पुत्री, भाई, बहन या कोई अन्य निकट संबंधी उनके स्थान पर प्रतिनिधि या समन्वयक के रूप में मनोनीत या नियुक्त नहीं किया जा सकेगा.
सरकार की ओर से जारी बयान के मुताबिक, यह नियम छत्तीसगढ़ के सभी नगरीय निकायों (नगर निगम, नगरपालिका और नगर पंचायत) में तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है. इस फैसले का उद्देश्य स्थानीय स्वशासन में महिलाओं की वास्तविक भागीदारी को बढ़ावा देना और 'सरपंच-पति' जैसी प्रतिनिधि संस्कृति पर अंकुश लगाना है.