बलरामपुर: पत्नी ने करंट लगाकर की पति की हत्या
अंबिकापुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के अधौरा गांव में एक सनसनीखेज घटना में पहली पत्नी ने अपने पति की करंट लगाकर हत्या कर दी. मृतक मनोज गुप्ता (50) अपनी दूसरी पत्नी के साथ किराये के मकान में रह रहा था. पुलिस के अनुसार, पहली पत्नी पार्वती गुप्ता (45) ने उसे घर बुलाकर यह खौफनाक कदम उठाया.
मिली जानकारी के अनुसार, मनोज गुप्ता बीती रात अपनी दूसरी पत्नी के साथ था, जब पार्वती ने उसे घर बुलाया. वहां उनकी बेटी और दामाद भी मौजूद थे. आरोप है कि सभी ने मिलकर मनोज के हाथ-पैर बांधे और देर रात पार्वती ने उसे बिजली का झटका दिया, जिससे उसकी मौत हो गई.
घटना के बाद पार्वती ने खुद को बीमार बताकर जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है.
पुलिस को मनोज का शव अर्धनग्न हालत में मिला, जिसे पोस्टमॉर्टम के लिये भेजा गया है.
बलरामपुर टीआई भापेंद्र साहू ने बताया कि प्रारंभिक जांच में करंट से हत्या की पुष्टि हुई है. मामले की विस्तृत जांच जारी है.
बताया जा रहा है कि मनोज ने करीब 27 साल पहले पार्वती से शादी की थी, जिससे उनके एक बेटा और दो बेटियां हैं. दो साल पहले मनोज ने 22 वर्षीय युवती से दूसरी शादी की, जो पहले उनके घर पढ़ाई के लिए रहती थी.
इस शादी का पार्वती और बच्चों ने विरोध किया था, जिसके बाद मनोज ने घर छोड़कर दूसरी पत्नी के साथ किराये के मकान में रहना शुरू किया. दूसरी पत्नी को शिक्षक की नौकरी भी मिल गई थी.
आरोप है कि दूसरी शादी के बाद पार्वती और बच्चों ने मनोज पर दबाव बनाया. उसने अपनी सारी संपत्ति, जमीन, दुकान और किराये की गाड़ियां उनके नाम कर दीं थी लेकिन फिर भी डेढ़ करोड़ रुपये की मांग के साथ उत्पीड़न जारी था.
पुलिस ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है. यह स्पष्ट करने के लिये जांच की जा रही है कि हत्या में और कौन-कौन शामिल हो सकता है.