बलौदाबाजार: बिना सूचना गायब रहने वाला पटवारी निलंबित
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में प्रशासनिक कार्यों में लापरवाही बरतने वाले राजस्व कर्मचारी के निलंबित कर दिया गया है. बलौदाबाजार के सिमगा अनुभाग के अंतर्गत आने वाले ग्राम धोधा में पदस्थ पटवारी चंद्रप्रकाश को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है. उन पर यह कार्रवाई लंबे समय तक बिना किसी पूर्व सूचना या आधिकारिक अवकाश के ड्यूटी से नदारद रहने के कारण की गई है.
मिली जानकारी के अनुसार, हल्का नंबर 26 के पटवारी बीते 20 फरवरी 2026 से ही अपने मुख्यालय से गायब चल रहे थे. सरकारी कामकाज में उनके इस गैर-जिम्मेदाराना रवैये के कारण क्षेत्र के किसानों और आम ग्रामीणों के राजस्व संबंधी कई महत्वपूर्ण कार्य अटक गए थे.
जनता को हो रही इसी परेशानी और अनुशासनहीनता की शिकायतों को देखते हुए कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने मामले में कड़ा संज्ञान लिया.
कलेक्टर के मार्गदर्शन में एसडीएम सिमगा ने निलंबन आदेश जारी करते हुए स्पष्ट किया कि संबंधित कर्मचारी का कृत्य छत्तीसगढ़ सिविल सेवा आचरण नियम 1966 के प्रावधानों का खुला उल्लंघन है.
आदेश के तहत निलंबन की इस अवधि में पटवारी का मुख्यालय तहसील कार्यालय सिमगा तय किया गया है, जहां उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता प्राप्त होगा. प्रशासन की इस कार्रवाई से राजस्व विभाग के अन्य कर्मचारियों के बीच अनुशासन को लेकर कड़ा संदेश गया है.