बालोद: विधवा से गैंगरेप, पंचों ने जुर्माना लेकर दबाया मामला, दो गिरफ्तार
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में एक 37 वर्षीय विधवा महिला के साथ तीन युवकों ने सामूहिक दुष्कर्म किया. हैरान करने वाली बात यह है कि इस जघन्य अपराध के बाद न्याय दिलाने के बजाय गांव के कुछ रसूखदारों और बुजुर्गों ने कथित तौर पर आरोपियों से 40-40 हजार रुपये (कुल 1.20 लाख रुपये) का जुर्माना वसूल कर मामले को रफा-दफा करने की कोशिश की.
जब पीड़िता को सामाजिक स्तर पर न्याय नहीं मिला, तब उसने पुलिस की शरण ली.
पुलिस के अनुसार, यह घटना 22 फरवरी की रात की है. पीड़िता जब पानी भरने गई थी, तब विकास सिन्हा नामक आरोपी ने उसे देख लिया और अपने साथियों कमल कुमार सेन और रोशन कुमार साहू को बुला लिया.
तीनों ने महिला को एक सुनसान जगह पर ले जाकर आधी रात तक उसके साथ दरिंदगी की. मामले का खुलासा तब हुआ जब पीड़िता ने 13 मार्च को थाने में एफआईआर दर्ज कराई. पुलिस ने बताया कि आरोपियों में एक वार्ड पंच, एक बाजार ठेकेदार और एक ड्राइवर शामिल है.
एएसपी मोनिका ठाकुर ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए.
पुलिस ने अब तक विकास सिन्हा (26) और कमल कुमार सेन (23) को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीसरा आरोपी रोशन कुमार साहू (24) फिलहाल फरार है.
आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की सामूहिक दुष्कर्म की धाराओं और एससी/एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है. फरार आरोपी की तलाश के लिए पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं. Symbolic Photo