बालोद: घर के बाहर सो रहे ग्रामीण को ट्रक ने रौंदा
बालोद । डेस्क: छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में गुरूर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम बोहारडीह में बीती रात एक अनियंत्रित ट्रक काल बनकर एक घर में जा घुसा. हादसे के वक्त ग्रामीण पन्नालाल बंजारे अपने घर के बाहर गहरी नींद में सो रहे थे, तभी बेकाबू ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया.
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि घर के सामने लगा टीन शेड मलबे में तब्दील हो गया और पन्नालाल गंभीर रूप से घायल हो गए.
देर रात करीब एक बजे हुए इस भीषण हादसे की आवाज सुनकर पूरा गांव दहल उठा.
मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए भागने की कोशिश कर रहे ट्रक चालक को चारों तरफ से घेरकर दबोच लिया.
सरपंच राजेंद्र साहू के नेतृत्व में ग्रामीणों की इस त्वरित सक्रियता के कारण आरोपी चालक मौके से फरार नहीं हो सका.
आनन-फानन में घायल पन्नालाल को अस्पताल ले जाया गया, जहाँ उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया है.
मामले की जानकारी देते हुए थाना प्रभारी सुनील तिर्की ने बताया कि पुलिस ने दुर्घटनाकारी वाहन को अपने कब्जे में लेकर आरोपी चालक को हिरासत में ले लिया है.
शुरुआती तफ्तीश में यह बात सामने आ रही है कि चालक को झपकी आने की वजह से ट्रक पर से नियंत्रण खो गया था. पुलिस फिलहाल मामले की विस्तृत जांच कर रही है.