बालोद: मकान मालिक ने गर्भवती युवती को दवा खिलाकर मार डाला
बालोद । डेस्क: छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में एक 59 वर्षीय मकान मालिक ने अपनी ही किराएदार युवती की जान ले ली. पुलिस के अनुसार, आरोपी पिछले एक साल से युवती को डरा-धमकाकर उसका यौन शोषण कर रहा था. जब युवती गर्भवती हो गई, तो बदनामी के डर से आरोपी ने उसे दवा के नाम पर जहरीली गोली खिला दी, जिससे युवती और उसके गर्भ में पल रहे बच्चे की मौत हो गई.
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोनिका ठाकुर ने बताया कि पीड़िता पिछले तीन साल से अपने परिवार के साथ आरोपी के घर में रह रही थी.
करीब एक साल पहले आरोपी ने उसे धमकाकर पहली बार दुष्कर्म किया और तब से वह लगातार उसे अपनी हवस का शिकार बना रहा था.
युवती के गर्भवती होने पर जब आरोपी को पकड़े जाने का डर सताने लगा, तो उसने साजिश के तहत उसे कोई टैबलेट खिला दी, जिससे उसकी तबीयत बिगड़ी और मौत हो गई.
शुरुआत में मामले को संदिग्ध मानते हुए पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया, जिसमें गर्भावस्था और दवा के कारण मौत की पुष्टि हुई. पुलिस ने 59 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जो उम्र में मृतका के पिता के समान है. आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया है और पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है.