बालोद: आदिवासी महिला का अपहरण व गैंगरेप के आरोपी गिरफ्तार
बालोद । डेस्क: छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में पुलिस ने एक आदिवासी महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म और मारपीट करने वाले दो दरिंदों को सलाखों के पीछे भेज दिया है. यह सनसनीखेज मामला करहीभदर गांव का है, जहां आरोपियों ने न केवल महिला की अस्मत लूटी, बल्कि विरोध करने पर उसे बेरहमी से पीटा भी.
पीड़िता द्वारा दर्ज कराई गई रिपोर्ट के मुताबिक, यह खौफनाक वारदात 22 फरवरी की रात को अंजाम दी गई.
आरोपी विकास सिन्हा और कमल कुमार सेन ने महिला का अपहरण किया और उसे एक सुनसान स्थान पर ले जाकर पूरी रात सामूहिक अनाचार किया.
इस दौरान जब पीड़िता ने खुद को बचाने का प्रयास किया, तो आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और उसे जातिगत गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी दी.
घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक योगेश पटेल ने तत्काल विशेष टीम गठित की.
बालोद पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त कार्रवाई के बाद दोनों आरोपियों को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया गया.
पूछताछ में आरोपियों ने अपना गुनाह कबूल कर लिया है. पुलिस ने उनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 70(1), 87, 296, 115(2) सहित एससी/एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है. फिलहाल, दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है.