छत्तीसगढ़: बालोद में मासूम की कब्र खोदने की कोशिश
बालोद । डेस्क: छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के महुदबी गांव में एक तीन साल की मासूम की कब्र के साथ छेड़छाड़ का सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसके बाद पूरे इलाके में तनाव और डर का माहौल है. तीन महीने पहले बीमारी के कारण जान गंवाने वाली मासूम बच्ची, पिया साहू की कब्र पर सुबह ग्रामीणों ने तंत्र-मंत्र से जुड़ी सामग्री जैसे जलता हुआ दीया, चावल, नींबू और कच्चा मांस बिखरा हुआ पाया.
परिजनों का आरोप है कि रात के अंधेरे में बच्ची के शव को बाहर निकालने या तांत्रिक क्रिया करने की नीयत से कब्र को ताजा खोदा गया था.
मृतक बच्ची के पिता, जितेंद्र साहू ने इस कृत्य को अमानवीय बताते हुए पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है.
उन्होंने आशंका जताई है कि उनकी बेटी के शव के साथ छेड़छाड़ की गई है, जिसकी पुष्टि के लिए उन्होंने प्रशासनिक देखरेख में कब्र को दोबारा खोदकर जांच करने की मांग की है.
घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए गांव में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है. हल्दी चौकी प्रभारी नंद कुमार साहू के अनुसार, पुलिस ने परिजनों की शिकायत दर्ज कर ली है और एसडीएम से अनुमति मिलते ही कब्र की खुदाई कर आगे की जांच की जाएगी.