रायपुर की अनुराधा ‘मिसेज इंडिया क्लासिक’ बनी
रायपुर । संवाददाता: रायपुर की अनुराधा थेथवार हाल ही में ‘मिसेज इंडिया क्लासिक’ बनी हैं. छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर की अनुराधा थेथवार ने हाल ही में आयोजित एक फैशन प्रतियोगिता ‘मिस्टर, मिस और मिसेज’ में ‘मिसेज इंडिया क्लासिक’ का खिताब अपने नाम किया. यह प्रतियोगिता रायपुर में कलर्स इवेंट्स द्वारा आयोजित की गई थी, जिसमें देशभर से 30 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया. इस प्रतियोगिता में अनुराधा ने मिसेज श्रेणी में यह प्रतिष्ठित खिताब हासिल किया.
अनुराधा एक गृहिणी और एक बेटी की मां हैं, लेकिन उन्होंने फैशन और मॉडलिंग के प्रति अपने जुनून को हमेशा जीवित रखा. उन्होंने न केवल रैंप पर अपनी खूबसूरती का जलवा बिखेरा, बल्कि जजों के सवालों के जवाब देकर सभी का दिल भी जीता.
अनुराधा ने बताया कि वह भविष्य में स्वास्थ्य जागरूकता के लिए अपना समय समर्पित करना चाहती हैं.
इस प्रतियोगिता में फाइनल राउंड के लिए चार प्रतिभागियों का चयन किया गया था, जबकि इससे पहले दो अलग-अलग राउंड में 200 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया था. अनुराधा ने इससे पहले ‘मिसेज छत्तीसगढ़ इंडिया 2025’ का ताज भी अपने नाम किया था.
फैशन के क्षेत्र में लंबे समय से सक्रिय अनुराधा का यह जुनून उनकी शादी के बाद भी कायम रहा, जिसका श्रेय वह अपने पति राहुल थेथवार को देती हैं. इसके साथ ही, अनुराधा सामाजिक कार्यों से भी जुड़ी हैं और समय-समय पर जनकल्याण के कार्यों में योगदान देती रहती हैं.
वह मानती हैं कि आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच की ताकत से जीवन के किसी भी क्षेत्र में सफलता हासिल की जा सकती है. अनुराधा की इस उपलब्धि ने न केवल रायपुर बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ का नाम रोशन किया है.