'2026 का बस्तर ओलंपिक नक्सलवाद से मुक्त बस्तर में होगा'
जगदलपुर । संवाददाता: केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने शनिवार 13 दिसंबर को छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में बस्तर ओलंपिक के समापन समारोह को संबोधित करते हुए बड़ा ऐलान किया. उन्होंने कहा कि 31 मार्च 2026 तक पूरे भारत से नक्सलवाद खत्म हो जाएगा और अगले वर्ष नवंबर-दिसंबर तक बस्तर ओलंपिक 2026 का आयोजन नक्सलवाद से मुक्त बस्तर में होगा. इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा भी उपस्थित थे.
शाह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित बस्तर की संकल्पना को दोहराते हुए कहा कि कांकेर, कोंडागांव, बस्तर, सुकमा, बीजापुर, नारायणपुर और दंतेवाड़ा के 7 जिलों का बस्तर संभाग दिसंबर 2030 तक देश का सबसे विकसित आदिवासी संभाग बनेगा.
उन्होंने संकल्प व्यक्त किया कि बस्तर के हर व्यक्ति को आवास, बिजली, शौचालय, नल से पीने का पानी, गैस सिलिंडर, 5 किलो अनाज और 5 लाख तक का मुफ्त इलाज सरकार सुनिश्चित करेगी.
गृह मंत्री ने कहा कि बस्तर का हर गांव सड़क और बिजली से जुड़ेगा, 5 किलोमीटर के क्षेत्र में बैंकिंग सुविधा होगी, तथा पीएचसी/सीएचसी का सघन नेटवर्क बनाया जाएगा.
उन्होंने वन उपज की प्रोसेसिंग के लिए कोऑपरेटिव यूनिट्स लगाने और बस्तर को डेयरी के माध्यम से दूध उत्पादन में अग्रणी बनाने की बात कही. उन्होंने नए उद्योग, उच्च शिक्षा, सबसे अच्छा स्पोर्ट्स संकुल और अत्याधुनिक अस्पताल की व्यवस्था का भी वादा किया.
शाह ने नक्सलवाद छोड़कर मुख्यधारा में आए युवाओं की प्रशंसा की. उन्होंने कहा कि बस्तर ओलंपिक 2025 में 700 से अधिक आत्मसमर्पण करने वाले पूर्व नक्सलियों की टीम ने हिस्सा लिया. उन्होंने आत्मसमर्पण करने वालों के लिए एक बहुत आकर्षक पुनर्वसन योजना लाने की घोषणा की. उन्होंने हिंसा में लिप्त नक्सलियों से अपील करते हुए कहा कि वे हथियार डालकर पुनर्वसन नीति का लाभ उठाएं, क्योंकि सिर्फ शांति ही विकास का मार्ग प्रशस्त कर सकती है.
उन्होंने कहा, "इन खिलाड़ियों ने भय की जगह आशा चुनी, विभाजन की जगह एकता का रास्ता चुना और विनाश की जगह विकास का रास्ता चुना है और यही प्रधानमंत्री मोदी की नए भारत और विकसित बस्तर की संकल्पना है."
उन्होंने बताया कि इस वर्ष बस्तर ओलंपिक 2025 में 3 लाख 91 हज़ार खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया, जो पिछले वर्ष के 1 लाख 65 हज़ार खिलाड़ियों की तुलना में ढाई गुना की वृद्धि है, जिसमें बहनों की भागीदारी में लगभग तीन गुना वृद्धि हुई है.
उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की प्रतिभा को पहचानकर उन्हें आने वाले कॉमनवेल्थ गेम्स और ओलंपिक खेलों तक ले जाने की व्यवस्था सरकार ने की है. उन्होंने कहा कि जहां पहले 'लाल सलाम' के नारे लगते थे, अब वहां 'भारत माता की जय' के नारे गूंज रहे हैं. गृह मंत्री ने समाज के प्रमुखों और समाजसेवकों से हथियारबंद नक्सलियों को समझाकर मुख्यधारा में लाने में सहयोग करने की अपील की.