अंबिकापुर में शातिर महिला नशा तस्कर समेत तीन गिरफ्तार
अंबिकापुर । संवाददाता: सरगुजा आबकारी टीम ने लंबे समय से नशे के धंधे में संलिप्त दर्रीपारा निवासी कुख्यात महिला तस्कर शोभा कुशवाहा उर्फ गुड़िया को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है. आरोपी महिला के पास से भारी मात्रा में नशीले इंजेक्शन बरामद किए गए हैं.
गुड़िया की निशानदेही पर पुलिस ने इस नेटवर्क से जुड़े दो अन्य आरोपियों, मनु श्रीवास्तव और सुंदरलाल कुर्रे को भी हिरासत में लेकर जेल भेज दिया है.
विभागीय सूत्रों के अनुसार, सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता को शनिवार को सटीक सूचना मिली थी कि गुड़िया के आवास पर प्रतिबंधित दवाओं की बड़ी खेप पहुंची है. इस इनपुट पर कार्रवाई करते हुए टीम ने सुबह तड़के घेराबंदी की.
छापे के दौरान आरोपी महिला ने भागने का प्रयास किया, जिसे महिला आरक्षकों ने मुस्तैदी से नाकाम कर दिया. तलाशी में महिला के पास से 106 रेक्सोजेसिक और 72 एविल इंजेक्शन जब्त किए गए. एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए आरोपियों को विशेष न्यायाधीश (नारकोटिक्स) की अदालत में पेश किया गया.
जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि गुड़िया पिछले दो दशकों से अधिक समय से ब्राउन शुगर की तस्करी में लिप्त थी. पूर्व में कई बार जेल जाने के कारण आर्थिक स्थिति बिगड़ने पर उसने अब नशीले इंजेक्शनों का कारोबार शुरू कर दिया था.
विभाग को इस गिरफ्तारी के लिए लगभग 23 दिनों तक रेकी करनी पड़ी. बताया जा रहा है कि इस काले कारोबार में आरोपी महिला का बेटा भी सक्रिय रूप से साथ देता है, जिसकी संलिप्तता की जांच की जा रही है.