अंबिकापुर में प्रतिबंधित कैप्सूल के साथ 3 गिरफ्तार
अंबिकापुर में प्रतिबंधित कैप्सूल के साथ 3 तस्कर गिरफ्तार
अंबिकापुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में भारी मात्रा में प्रतिबंधित नशीले कैप्सूल बरामद किए गए हैं. सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई अंजाम दी गई. पहली सफलता दरिमा थाना अंतर्गत कत्कालो बाजार में मिली, जहां गश्त के दौरान बाइक पर सवार एक संदिग्ध युवक ने टीम को देखकर भागने की कोशिश की.
सतर्क आबकारी कर्मियों ने पीछा कर उसे घेरा और तलाशी ली, जिसमें मुकेश गुप्ता नामक आरोपी के बैग से 224 नग स्पास्मो प्रॉक्सीवॉन प्लस कैप्सूल मिले.
इसी कड़ी में दूसरी कार्रवाई बतौली थाना क्षेत्र के सुअरपारा पानी टंकी के पास की गई. मुखबिर की सटीक सूचना पर टीम ने जाल बिछाकर राहुल तिग्गा और नितेश चौहान को हिरासत में लिया. इनके कब्जे से 472 प्रतिबंधित कैप्सूल जब्त किए गए.
आबकारी विभाग ने इस पूरी कार्रवाई में कुल 896 नशीले कैप्सूल बरामद किए हैं. पकड़े गए तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की गंभीर धारा 22सी के तहत मामला पंजीबद्ध कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है. प्रशासन की इस सख्त कार्रवाई से इलाके के नशा सौदागरों में हड़कंप मचा हुआ है.
गौरतलब है कि स्पास्मो प्रॉक्सीवॉन प्लस (Spasmo Proxyvon Plus) मुख्य रूप से एक दर्द निवारक दवा है, जिसमें ट्रामाडोल (Tramadol), डाइसाइक्लोमाइन (Dicyclomine) और एसिटामिनोफेन (Acetaminophen) जैसे सक्रिय तत्व होते हैं. इसमें मौजूद ट्रामाडोल एक 'ओपिओइड' (Opioid) श्रेणी की दवा है, जो सीधे मस्तिष्क के दर्द रिसेप्टर्स पर काम करती है.
नशे के लिए इसका दुरुपयोग इसलिए किया जाता है क्योंकि इसकी अधिक मात्रा लेने पर व्यक्ति को अफीम जैसे नशे का अनुभव होता है, जिसमें अत्यधिक शांति, उत्साह और सुस्ती महसूस होती है. लोग अक्सर डॉक्टर की पर्ची के बिना इसे ऊँची खुराक में लेते हैं, जिससे यह मस्तिष्क के रसायनों को प्रभावित कर एक कृत्रिम खुशी और मानसिक राहत का अहसास कराती है.
हालांकि, लंबे समय तक इसके इस तरह के इस्तेमाल से व्यक्ति इसका आदी हो जाता है और यह लिवर, किडनी और श्वसन तंत्र के लिए जानलेवा साबित हो सकती है.