आरोप- रायगढ़ में पुलिस प्रताड़ना से मौत, विरोध में धरना
रायगढ़ । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के परसकोल गांव में एक युवक की संदिग्ध मौत के बाद माहौल गरमा गया है. मृतक रमेश चौहान के परिजनों और चौहान समाज के लोगों ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए तहसील कार्यालय के सामने चक्काजाम कर दिया. प्रदर्शनकारियों का दावा है कि पुलिस हिरासत में पूछताछ के दौरान दी गई शारीरिक प्रताड़ना के कारण रमेश की तबीयत बिगड़ी, जिसके बाद इलाज के दौरान रायपुर में उसकी मृत्यु हो गई.
घटनाक्रम की शुरुआत तब हुई जब परसकोल में अनिल चौहान नामक युवक की हत्या के मामले में पुलिस रमेश चौहान को पूछताछ के लिए थाने ले गई थी. परिजनों के अनुसार, हिरासत में रहने के दौरान रमेश की स्थिति अचानक खराब हो गई.
उसे पहले खरसिया और फिर रायगढ़ जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन हालत में सुधार न होने पर उसे रायपुर रेफर किया गया, जहाँ उसने दम तोड़ दिया. इस घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने मृतक के परिवार के लिए मुआवजे, सरकारी नौकरी और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर मोर्चा खोल दिया है.
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए स्थानीय प्रशासन के आला अधिकारी मौके पर पहुँचे. एसडीएम, तहसीलदार और एसडीओपी ने परिजनों के साथ बंद कमरे में चर्चा की.
प्रशासन ने मामले की निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए मजिस्ट्रेट जांच का आश्वासन दिया है.
दूसरी ओर, विपक्षी दल कांग्रेस ने भी इस मुद्दे पर सरकार को घेरा है. कांग्रेस नेताओं ने इसे पुलिसिया दमन बताते हुए उच्च स्तरीय जांच की मांग की है. हालांकि प्रशासन के आश्वासन के बाद आंदोलन खत्म होने की संभावना जताई जा रही है, लेकिन ग्रामीण अब भी न्याय की मांग को लेकर डटे हुए हैं.