AIIMS रायपुर की टीम इंडो-जर्मन मेडिकल कांफ्रेंस में
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ की AIIMS रायपुर की टीम ने इंडो-जर्मन मेडिकल कांफ्रेंस में भाग लिया. वहां पर टीम ने प्रेजेंटेशन भी दिया है. अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान रायपुर के दो वरिष्ठ चिकित्सकों, कार्यकारी निदेशक और सीईओ लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) अशोक जिंदल और सामान्य शल्य चिकित्सा विभाग के प्रमुख प्रोफेसर (डॉ.) देबज्योति मोहंती ने 16 से 18 जुलाई तक जर्मनी के ड्रेसडेन में आयोजित इनडेमेड: इंडो-जर्मन मेडिकल पार्टनरशिप कांफ्रेंस में भारत का प्रतिनिधित्व किया.
इस कांफ्रेंस का मुख्य विषय "हेल्थकेयर में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, एक्सटेंडेड रियलिटी और रोबोटिक्स: निदान से उपचार तक उभरते रास्ते" था. इसमें लगभग 40 वैश्विक विशेषज्ञों और नेताओं ने हिस्सा लिया.
लेफ्टिनेंट जनरल जिंदल ने "पब्लिक हेल्थकेयर सिस्टम में एआई-सक्षम रिमोट मॉनिटरिंग का रणनीतिक कार्यान्वयन" पर एक प्रभावशाली प्रस्तुति दी, जिसमें सार्वजनिक स्वास्थ्य सेवाओं में प्रतिक्रियात्मक से सक्रिय देखभाल की ओर बदलाव पर जोर दिया गया.
उन्होंने AIIMS रायपुर की दो अहम पहलों का उल्लेख किया: इंटेलिजेंट इमरजेंसी केयर सिस्टम (iECS): IIT भिलाई के सहयोग से विकसित यह एआई-आधारित क्लिनिकल डिसीजन सपोर्ट सिस्टम आपातकालीन देखभाल को त्वरित और सटीक निर्णय लेने में मदद करता है. हार्ट अटैक के मरीजों पर किये गये एक पायलट प्रोजेक्ट में, 14,000 से अधिक ईसीजी पर प्रशिक्षित एल्गोरिदम ने 240 से अधिक मरीजों में 73 प्रतिशत थ्रोम्बोलिसिस सफलता दर हासिल की. यह छत्तीसगढ़ में तीव्र आपातकालीन देखभाल में जनसंख्या-केंद्रित पहला एआई प्रोजेक्ट है.
इमरजेंसी रूम में स्वचालित ट्रायज: AIIMS रायपुर और IIT भिलाई के इस सहयोग से विकसित प्रणाली संभावित प्रतिकूल परिणामों के आधार पर मरीजों को वर्गीकृत करती है, जिससे आपातकालीन विभाग में कार्यक्षमता और रोगी सुरक्षा में सुधार होता है.
लेफ्टिनेंट जनरल जिंदल ने एआई-आधारित रिमोट मॉनिटरिंग की भूमिका पर बल देते हुए कहा कि ये प्रणालियाँ केवल तकनीकी उन्नयन नहीं हैं, बल्कि समावेशी, स्केलेबल और निवारक देखभाल को सक्षम करने वाली समानता-प्रेरित पहल हैं, जो विशेष रूप से ग्रामीण और अल्प-सेवा वाले क्षेत्रों में महत्वपूर्ण हैं.
हाल ही में IITI DRISHTI CPS फाउंडेशन द्वारा ली गई उनकी साक्षात्कार में, जो उनके राष्ट्रीय बुलेटिन DRISHTIKON में प्रकाशित हुआ, लेफ्टिनेंट जनरल जिंदल के भारत के सार्वजनिक स्वास्थ्य तंत्र में एआई और डिजिटल नवाचार को एकीकृत करने के योगदान को रेखांकित किया गया.
प्रोफेसर (डॉ.) देबज्योति मोहंती ने कांफ्रेंस में "हेल्थकेयर के लिये विशेष रोबोट्स का विकास" विषय पर एक पैनल चर्चा में हिस्सा लिया.