ईंधन के बाद अब ड्राई फ्रूट की सप्लाई पर असर
रायपुर । संवाददाता: पश्चिम एशिया में गहराते सैन्य तनाव और अमेरिका-इजरायल बनाम ईरान के बीच जारी संघर्ष का असर अब छत्तीसगढ़ की रसोई और बाजारों तक पहुँचने लगा है. ईंधन की कीमतों में संभावित अस्थिरता के बीच अब ड्राई फ्रूट्स, खासकर खजूर की आपूर्ति को लेकर चिंता बढ़ गई है.
रमजान के पवित्र महीने के दौरान राज्य में खजूर और अन्य सूखे मेवों की मांग चरम पर रहती है, जिसका एक बड़ा हिस्सा ईरान, कुवैत और कतर जैसे खाड़ी देशों से आयात किया जाता है. सप्लाई चेन बाधित होने से आने वाले समय में इन वस्तुओं की कीमतों में भारी उछाल आने की आशंका है.
छत्तीसगढ़ के प्रमुख व्यापारियों का कहना है कि वर्तमान में रमजान और अगले महीने की मांग को पूरा करने के लिए पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है, क्योंकि अधिकांश आयात युद्ध की स्थिति गंभीर होने से पहले ही कर लिया गया था.
हालांकि, यदि खाड़ी देशों में हालात जल्द नहीं सुधरे, तो मई महीने से बाजार में सूखे मेवों की किल्लत शुरू हो सकती है. व्यापारियों के अनुसार, ईरान से आने वाला खजूर और अंजीर अपनी गुणवत्ता और कोमलता के कारण प्रदेश के लोगों की पहली पसंद है. जलमार्ग से महाराष्ट्र और फिर सड़क मार्ग से छत्तीसगढ़ पहुँचने वाली इस सप्लाई चेन पर युद्ध के काले बादल मंडरा रहे हैं.
विशेषज्ञों का मानना है कि यदि यह गतिरोध लंबा खिंचता है, तो ड्राई फ्रूट्स के दाम भी एलपीजी सिलेंडर की तरह आम आदमी की जेब पर भारी पड़ेंगे.
प्रदेश भर में इस कारोबार से सीधे तौर पर जुड़े लगभग 550 से अधिक व्यापारियों के लिए भी यह संकट का समय है. मांग के मुकाबले आपूर्ति कम होने से न केवल ग्राहकों को ऊंचे दाम चुकाने होंगे, बल्कि छोटे कारोबारियों के व्यापार पर भी इसका प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा. फिलहाल मार्च और अप्रैल के लिए राहत की बात यह है कि पुराना स्टॉक बाजार की जरूरतों को संभाल लेगा.