छत्तीसगढ़: कांकेर में 6 वर्षीय बच्ची का अपहरण कर रेप
कांकेर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में 6 मार्च की रात एक छह वर्षीय मासूम बच्ची के साथ दरिंदगी की गई. जानकारी के मुताबिक, बच्ची अपने माता-पिता के साथ घर में सो रही थी, तभी दो युवक चोरी की नियत से घर में दाखिल हुए और मासूम का अपहरण कर लिया.
आरोपी बच्ची को गाँव के तालाब के पास ले गए, जहाँ उन्होंने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया और उसे मरणासन्न हालत में एक खेत में छोड़कर फरार हो गए.
देर रात करीब 12:30 बजे जब माता-पिता की आँख खुली और बच्ची बिस्तर पर नहीं मिली, तो घर में कोहराम मच गया.
ग्रामीणों और पुलिस ने मिलकर रात में ही तलाशी अभियान शुरू किया, जिसके बाद बच्ची तालाब के पास एक खेत में अचेत अवस्था में बरामद हुई.
उसे तत्काल कांकेर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहाँ मेडिकल जांच में यौन शोषण की पुष्टि हुई है.
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार संदिग्धों को हिरासत में लिया, जिनमें से 20 वर्षीय अमित जैन और 19 वर्षीय रोहन जैन ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है.
एडिशनल एसपी योगेश साहू ने बताया कि दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और उनके खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.