छत्तीसगढ़ में 4.5 लाख सरकारी कर्मचारियों की हड़ताल शुरू
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ में अपनी 11 सूत्रीय मांगों को लेकर राज्य के लगभग 4.5 लाख सरकारी कर्मचारियों और अधिकारियों ने सोमवार से तीन दिवसीय प्रदेशव्यापी हड़ताल शुरू कर दी है. छत्तीसगढ़ कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन के बैनर तले आयोजित इस 'काम बंद, कलम बंद' आंदोलन के कारण ब्लॉक से लेकर जिला स्तर तक प्रशासनिक कामकाज पूरी तरह ठप हो गया है.
फेडरेशन ने स्पष्ट किया है कि यदि 31 दिसंबर तक सरकार ने उनकी मांगें नहीं मानीं, तो आने वाले समय में आंदोलन और उग्र किया जाएगा.
कर्मचारियों की मुख्य मांगों में केंद्र के समान देय तिथि से महंगाई भत्ता और महंगाई राहत प्रदान करना शामिल है, जिसे वे 'मोदी की गारंटी' का हिस्सा बता रहे हैं.
इसके अलावा, कर्मचारी 2019 से लंबित डीए एरियर को जीपीएफ खाते में जमा करने, पिंगुआ कमेटी की रिपोर्ट सार्वजनिक करने और 8, 16, 24 व 32 वर्ष की सेवा के आधार पर चार स्तरीय समयमान वेतनमान की मांग कर रहे हैं.
अन्य मांगों में कैशलेस चिकित्सा सुविधा, अनुकंपा नियुक्तियों से 10 प्रतिशत की सीमा हटाना, अर्जित अवकाश के नकदीकरण को 300 दिनों तक बढ़ाना और संविदा व दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों का नियमितीकरण शामिल है.
हड़ताल के पहले दिन कार्यालयों में सन्नाटा पसरा रहा और आम जनता के काम प्रभावित हुए, जबकि सरकार की ओर से फिलहाल इस पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है.