छत्तीसगढ़: सरेंडर माओवादियों के केस वापसी प्रक्रिया पर 15 दिन का अल्टीमेटम
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ में सरेंडर कर चुके माओवादियों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने और उनके पुनर्वास को गति देने के लिए राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है. उप मुख्यमंत्री और गृह मंत्री विजय शर्मा ने नवा रायपुर स्थित राज्य मंत्रालय में आयोजित एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक के दौरान जिला-स्तरीय स्क्रूटनी समितियों को सरेंडर कैडर्स पर दर्ज पात्र आपराधिक मामलों की समीक्षा कर उनकी वापसी की प्रक्रिया जल्द पूरी करने के सख्त निर्देश दिए हैं.
प्रक्रिया में हो रही देरी पर नाराजगी जताते हुए गृह मंत्री ने जिला समितियों को 15 दिनों के भीतर बैकलॉग क्लियर करने का समय दिया है, वहीं राज्य-स्तरीय समिति को 5 नवंबर तक सभी परीक्षित मामलों को अंतिम रूप देने के निर्देश दिए हैं.
गृह मंत्री ने स्पष्ट किया है कि हत्या, गंभीर हिंसक अपराधों और गैर-कानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (UAPA) के तहत दर्ज मामलों को केस वापसी की इस प्रक्रिया से बाहर रखा जाएगा. केवल प्रक्रियात्मक और कम गंभीर प्रकृति के मामलों की ही समीक्षा कर उन्हें वापस लिया जाएगा.
बैठक में बताया गया कि छत्तीसगढ़ के करीब 900 ऐसे कैडर्स, जिन्होंने अन्य राज्यों में आत्मसमर्पण किया था और अब वापस लौट चुके हैं, उनके पुनर्वास की भी समीक्षा की गई.
मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इन पूर्व उग्रवादियों को पहचान पत्र, राशन कार्ड, आयुष्मान भारत स्वास्थ्य कार्ड, मोबाइल फोन, आजीविका प्रशिक्षण किट, आवास और भूमि आवंटन जैसी सुविधाएं बिना किसी प्रशासनिक देरी के तत्काल उपलब्ध कराई जाएं.
इसके अलावा, 2001 से अब तक उग्रवादी हिंसा में शहीद हुए सुरक्षाकर्मियों और नागरिकों के सम्मान में स्मारक पार्क बनाने तथा स्कूलों, खेल मैदानों व पंचायत भवनों का नाम शहीदों के नाम पर रखने के निर्देश भी दिए गए हैं.