108 नक्सलियों का आत्मसमर्पण, सबसे बड़ी हथियारों की खेप बरामद
जगदलपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग में नक्सलवाद के खिलाफ जारी सरकारी अभियान को आज एक बड़ी सफलता मिली है. 'पून नारकोम' (पुनर्वास से उत्थान) पहल के तहत दंडकारण्य स्पेशल जोनल कमेटी (DKSZC) के कुल 108 नक्सलियों ने हिंसा का मार्ग त्यागकर समाज की मुख्यधारा में शामिल होने का निर्णय लिया है.
जगदलपुर स्थित बस्तर संभाग मुख्यालय में आयोजित एक भव्य समर्पण समारोह में पुलिस, केंद्रीय सुरक्षा बलों के वरिष्ठ अधिकारियों और जिला प्रशासन की मौजूदगी में इन कैडरों ने औपचारिक रूप से आत्मसमर्पण किया. यह हाल के वर्षों में सबसे बड़े सामूहिक आत्मसमर्पणों में से एक माना जा रहा है.
इस घटनाक्रम की सबसे महत्वपूर्ण उपलब्धि आत्मसमर्पण करने वाले कैडरों की निशानदेही पर हुई हथियारों और गोला-बारूद की रिकॉर्ड तोड़ बरामदगी है.
अधिकारियों के अनुसार, बीजापुर सहित बस्तर रेंज के विभिन्न जिलों से जब्त किया गया यह जखीरा भारत में नक्सल विरोधी अभियानों के इतिहास की अब तक की सबसे बड़ी रिकवरी है. इन हथियारों को जगदलपुर रेंज मुख्यालय में प्रदर्शित भी किया गया है.
प्रशासन का कहना है कि यह सफलता न केवल नक्सलियों की परिचालन क्षमता को कमजोर करेगी, बल्कि क्षेत्र में शांति बहाली की दिशा में एक निर्णायक मोड़ साबित होगी. सरकार की इस पुनर्वास नीति का मुख्य उद्देश्य हथियार डलवाने के साथ-साथ पूर्व विद्रोहियों को सम्मानजनक जीवन और रोजगार के अवसर प्रदान करना है.