गुरू, 19 नव. 2026

CGKhabar

भारत में चीतों का कुनबा बढ़कर 52 हुआ, 32 शावकों का जन्म

C

CG Khabar

17 सित. 2026, 07:24 AM 2 मिनट में पढ़ें 20

चीता
चीता

भोपाल । डेस्क: मध्य प्रदेश के कूनो नेशनल पार्क से शुरू हुए ऐतिहासिक ‘प्रोजेक्ट चीता’ ने सफलता के चार साल पूरे कर लिए हैं. 17 सितंबर 2022 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा नामीबिया से लाए गए 8 चीतों को कूनो में छोड़ने के साथ शुरू हुई इस पहल के बाद, देश में चीतों की कुल संख्या बढ़कर अब 52 हो गई है. 


इसमें भारत की धरती पर जन्मे 32 शावक भी शामिल हैं, जो इस पुनर्वास कार्यक्रम की एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है.

विज्ञापन


वर्तमान में कूनो नेशनल पार्क में 49 चीते मौजूद हैं, जिनमें से 17 खुले जंगल में स्वतंत्र रूप से विचरण कर रहे हैं और 32 सॉफ्ट-रिलीज़ बाड़ों में रखे गए हैं. 


इसके अलावा, मध्य प्रदेश के ही गांधी सागर अभयारण्य में 3 चीतों को रखा गया है. 


नामीबिया के बाद फरवरी 2023 में दक्षिण अफ्रीका से 12 चीते लाए गए थे, वहीं इस वर्ष बोत्सवाना से भी 9 चीते भारत लाए गए हैं, जिससे इस अंतरराष्ट्रीय संरक्षण अभियान को और मजबूती मिली है.


चार वर्षों के इस सफर में पहले साल जहां भारतीय परिस्थितियों के अनुकूल चीतों के व्यवहार और प्रबंधन को समझा गया, वहीं दूसरे और तीसरे वर्ष में भारत में जन्मे शावकों के जीवन रक्षा दर में सुधार और चीतों को खुले जंगलों में छोड़ने पर ध्यान केंद्रित किया गया. 


चौथे वर्ष में दूसरी पीढ़ी के शावकों का जन्म और सफल उत्तरजीविता इस प्रोजेक्ट की सबसे बड़ी सफलताओं में से एक है.


अधिकारियों के अनुसार, प्रोजेक्ट चीता का अगला चरण चीतों के अनुकूल प्राकृतिक आवास (हैबिटैट) के विस्तार और देश में चीतों की एक मजबूत एवं दीर्घकालिक आबादी (मेटापॉपुलेशन) स्थापित करने पर केंद्रित रहेगा. इसके तहत कूनो से आगे गांधी सागर और अन्य संभावित क्षेत्रों को आपस में जोड़कर चीतों के लिए एक टिकाऊ पारिस्थितिकी तंत्र तैयार करने की रणनीति बनाई जा रही है. 

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP