अलास्का के सुदूर सैन्य रडार केंद्र के पास चार्टर प्लेन क्रैश, सभी 8 लोगों की मौत
नई दिल्ली । डेस्क: अमेरिका के अलास्का में एक बड़ा विमान हादसा सामने आया है. एंकोरेज से लगभग 450 मील दूर स्थित केप न्यूएनहम लॉन्ग रेंज रडार साइट एयरपोर्ट के पास एक नागरिक-अनुबंधित (सिविलियन-कॉन्ट्रैक्टेड) चार्टर विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया. अमेरिकी सेना के अनुसार, इस हादसे में विमान में सवार सभी आठ लोगों-दो पायलट और छह यात्रियों-की मौत हो गई है.
अलस्कन कमांड के कमांडर यूएस एयर फोर्स लेफ्टिनेंट जनरल रॉबर्ट डेविस ने इस घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि यह सैन्य परिवार और उनके सहयोगियों के लिए एक बेहद दुखद क्षति है. विमान में सवार सभी लोग कठिन परिस्थितियों में एक महत्वपूर्ण मिशन को अंजाम दे रहे थे.
उन्होंने बताया कि सेना की सर्वोच्च प्राथमिकता इस कठिन समय में प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता प्रदान करना और राहत-बचाव दल के प्रयासों को गति देना है.
राष्ट्रीय परिवहन सुरक्षा बोर्ड (NTSB) के अलस्का क्षेत्र के प्रमुख क्लिंट जॉनसन के मुताबिक, विमान ने एंकोरेज से उड़ान भरी थी और दोपहर के समय केप न्यूएनहम में लैंडिंग की एप्रोच के दौरान यह हादसे का शिकार हो गया.
दुर्घटनाग्रस्त हुआ रडार केंद्र पेसिफिक एयर फोर्सेज रीजनल सपोर्ट सेंटर द्वारा संचालित किया जाता है, जो अलस्का के हवाई क्षेत्र और सीमाओं की निगरानी करने वाले सुदूर रडार नेटवर्क का एक प्रमुख हिस्सा है. फिलहाल हादसे के कारणों की जांच की जा रही है.