सोम, 09 नव. 2026

CGKhabar

चंडीगढ़ नियंत्रण विवाद: LG नियुक्ति की तैयारी पर भड़की AAP

C

CG Khabar

23 नव. 2025, 09:32 AM 2 मिनट में पढ़ें 10

चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन
चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन

नई दिल्ली । डेस्क: केंद्रशासित प्रदेश चंडीगढ़ के पूर्ण नियंत्रण को लेकर केंद्र सरकार और पंजाब के बीच एक बार फिर राजनीतिक रस्साकशी शुरू हो गई है. सूत्रों के हवाले से खबर है कि केंद्र सरकार चंडीगढ़ के प्रशासनिक मामलों को सीधे राष्ट्रपति के अधिकार क्षेत्र में लाने की योजना बना रही है. इस कदम के तहत, केंद्र चंडीगढ़ में राष्ट्रपति के प्रतिनिधि के रूप में एक लेफ्टिनेंट गवर्नर (LG) नियुक्त करने की ओर बढ़ सकता है.


फिलहाल, चंडीगढ़ में कोई लेफ्टिनेंट गवर्नर नहीं है और केंद्रशासित प्रदेश होने के बावजूद इसका प्रशासन पंजाब के पास है. चंडीगढ़ पंजाब और हरियाणा दोनों की राजधानी भी है.

विज्ञापन


सूत्रों के मुताबिक, केंद्र सरकार की योजना है कि अन्य केंद्रशासित प्रदेशों की तरह ही चंडीगढ़ में भी प्रशासन की जिम्मेदारी लेफ्टिनेंट गवर्नर को सौंप दी जाए. केंद्र इस दिशा में कदम उठा रहा है और संविधान के अनुच्छेद 240 के तहत यह कदम उठाना चाहता है. इसके लिए, केंद्र की NDA सरकार आगामी शीतकालीन सत्र में संसद में एक विशेष बिल पेश कर सकती है.


हालांकि, केंद्र सरकार ने रविवार को स्पष्ट किया कि इस विषय पर अभी कोई अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है और सभी पक्षों के परामर्श के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी.


केंद्र के इस संभावित कदम को लेकर राजनीतिक गलियारों में जोर-शोर से बहस छिड़ गई है. आम आदमी पार्टी (AAP) ने केंद्र की इस पहल को 'पंजाब विरोधी' करार दिया है. इस मुद्दे पर कांग्रेस और शिरोमणि अकाली दल भी AAP के साथ खड़े हो गए हैं.


विपक्ष का आरोप है कि केंद्र सरकार यह कदम पंजाब के हाथों से चंडीगढ़ को छीनने के लिए उठा रही है. गौरतलब है कि चंडीगढ़ अभी तक संविधान के अनुच्छेद 240 के दायरे में नहीं आता है और इसलिए राष्ट्रपति के अधिकार क्षेत्र से बाहर है.


AAP प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने इस पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “इतिहास गवाह है, पंजाबियों ने कभी किसी के सामने घुटने नहीं टेके हैं. इसलिए, अभी भी नहीं टेकेंगे. चंडीगढ़ पंजाब का हिस्सा है, और वही रहेगा.”


इस मामले ने केंद्र और पंजाब के बीच तनाव बढ़ा दिया है और शीतकालीन सत्र में इस बिल को लेकर सदन के भीतर और बाहर भारी राजनीतिक घमासान होने की संभावना है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP