CGPSC पेपर लीक: पूर्व CM के पूर्व OSD चेतन बोरघरिया गिरफ्तार
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) की वर्ष 2021 की भर्ती प्रक्रिया में हुए कथित भ्रष्टाचार और पेपर लीक मामले में केंद्रीय जांच एजेंसी (ED) ने बड़ी कार्रवाई की है. प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (PMLA) की धारा 19 के तहत प्रवर्तन निदेशालय ने 11 सितंबर 2026 को चेतन बोरघरिया को गिरफ्तार कर लिया. चेतन बोरघरिया पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के कार्यकाल के दौरान मुख्यमंत्री कार्यालय में ओएसडी (OSD) के रूप में कार्यरत थे और वर्तमान में बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में अपर कलेक्टर के पद पर सेवाएं दे रहे थे.
जांच एजेंसी के अनुसार, इस पूरे फर्जीवाड़े के तार सीधे तौर पर मुख्यमंत्री कार्यालय की साख और पद के दुरुपयोग से जुड़े हुए हैं. अभ्यर्थियों को लोक सेवा आयोग की परीक्षा में प्रश्नपत्र पहले उपलब्ध कराने और प्रशासनिक पदों पर चयन कराने का झांसा दिया गया था. इस वादे के बदले उम्मीदवारों से करोड़ों रुपए की अवैध वसूली की गई.
इस पूरी साज़िश में तत्कालीन ओएसडी चेतन बोरघरिया के नाम और उनके आधिकारिक प्रभाव का खुलकर इस्तेमाल किए जाने का दावा किया गया है.
ED की वित्तीय जांच में बोरघरिया के बैंक खातों से जुड़े कई चौंकाने वाले तथ्य उजागर हुए हैं. उनके निजी खाते में करीब 170 अलग-अलग लेन-देन के जरिए लगभग 66.64 लाख रुपए की नकदी जमा की गई. इसके अलावा, उत्कर्ष चंद्राकर नामक व्यक्ति और एक निजी फर्म M/s Figurecave E-Com (OPC) Private Limited के साथ भी चेतन के वित्तीय संबंध मिले हैं.
केंद्रीय एजेंसी को संदेह है कि इस कंपनी का इस्तेमाल अवैध रूप से जुटाई गई राशि की लेयरिंग करने और पैसों को अलग-अलग स्तरों पर घुमाने के लिए किया जाता था.
ज़ब्त किए गए डिजिटल उपकरणों की फोरेंसिक रिपोर्ट ने इस मामले में अहम साक्ष्य दिए हैं. चेतन बोरघरिया और उत्कर्ष चंद्राकर के बीच मोबाइल पर हुई बातचीत के रिकॉर्ड मिले हैं, जिनमें पैसों के लेन-देन, भुगतान की मांग और रकम वापसी जैसे गंभीर विषय शामिल हैं. ED के मुताबिक, उत्कर्ष चंद्राकर, अनिल चंद्राकर और डॉ. विकास चंद्राकर ने मिलकर अभ्यर्थियों से 3 करोड़ रुपए से ज्यादा का फंड इकट्ठा किया था.
जांच में यह बात भी सामने आई है कि परीक्षा से ठीक पहले अभ्यर्थियों को पर्चा लीक कराकर रायपुर के 'सिद्धि विनायक मैरिज पैलेस' में बांटा गया था. इसके बाद उम्मीदवारों को बरनवापारा अभयारण्य के एक रिसॉर्ट में ठहराया गया, जहां लीक हुए प्रश्नों के आधार पर मुख्य परीक्षा के लिए विशेष कोचिंग दी गई थी.
यह पूरा घोटाला वर्ष 2020 से 2022 के दौरान हुई CGPSC भर्ती प्रक्रियाओं से जुड़ा हुआ है. इसमें योग्य परीक्षार्थियों के अधिकारों को दरकिनार कर राजनीतिक व प्रशासनिक पहुंच रखने वाले प्रभावशाली लोगों के परिजनों को डिप्टी कलेक्टर और डीएसपी जैसे उच्च पदों पर चयनित कराने का गंभीर आरोप है.
राज्य सरकार के निर्देश पर इस पूरे मामले की समानांतर जांच सीबीआई (CBI) द्वारा भी की जा रही है, जिसने कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और साक्ष्य बरामद किए हैं.