गुरू, 12 नव. 2026

CGKhabar

राष्ट्रपति के बंगाल दौरे पर केंद्र ने मुख्य सचिव से मांगी रिपोर्ट

C

CG Khabar

08 मार्च 2026, 08:51 AM 2 मिनट में पढ़ें 16

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू

कोलकाता । डेस्क: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के पश्चिम बंगाल दौरे को लेकर केंद्र और राज्य सरकार के बीच टकराव चरम पर पहुंच गया है. केंद्रीय गृह मंत्रालय ने कड़ा रुख अपनाते हुए राज्य के मुख्य सचिव से इस पूरे घटनाक्रम पर आज शाम तक लिखित रिपोर्ट तलब की है. 


विवाद की मुख्य जड़ राष्ट्रपति के कार्यक्रम स्थल में बदलाव और प्रोटोकॉल के कथित उल्लंघन को माना जा रहा है.

विज्ञापन


सूत्रों के अनुसार, केंद्रीय गृह सचिव गोविंद मोहन ने रविवार सुबह बंगाल की मुख्य सचिव नंदिनी चक्रवर्ती को निर्देश जारी किया है. इसमें शनिवार को बागडोगरा आगमन के बाद से हुई तमाम घटनाओं और प्रशासनिक व्यवस्थाओं का ब्यौरा मांगा गया है. 


दरअसल, राष्ट्रपति को फांसीदेवा के विधाननगर में एक अंतरराष्ट्रीय संथाल सम्मेलन में शामिल होना था, लेकिन सुरक्षा और जगह की कमी का हवाला देकर प्रशासन ने कार्यक्रम स्थल बदल दिया था. 


राष्ट्रपति ने इस पर कड़ी आपत्ति जताते हुए खुद विधाननगर पहुंचकर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की अनुपस्थिति पर सवाल उठाए और कहा कि 'ममता उनकी छोटी बहन जैसी हैं, पता नहीं वह क्यों नाराज हैं.'


इस मामले ने उस वक्त और तूल पकड़ लिया जब मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने पलटवार करते हुए कहा कि राष्ट्रपति 'भाजपा के जाल' में फंस गई हैं और उन्हें चुनाव के समय राजनीति नहीं करनी चाहिए. 


वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित भाजपा के शीर्ष नेतृत्व ने इस घटना को राष्ट्रपति पद का अपमान बताया है. 


हालांकि, तृणमूल कांग्रेस का दावा है कि किसी भी प्रोटोकॉल का उल्लंघन नहीं हुआ है और कार्यक्रम की तैयारियों की कमी के बारे में राष्ट्रपति सचिवालय को पहले ही सूचित कर दिया गया था. अब सबकी नजरें राज्य सरकार द्वारा भेजी जाने वाली रिपोर्ट पर टिकी हैं.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP