बंगाल चुनाव के बाद भी 60 दिनों तक तैनात रहेगी केंद्रीय फोर्स
कोलकाता । डेस्क: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण के प्रचार के आखिरी दिन राजनीतिक सरगर्मी अपने चरम पर पहुंच गई है. बेहाला में एक विशाल रोड शो को संबोधित करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने राज्य की जनता को सुरक्षा का भरोसा दिलाते हुए एक महत्वपूर्ण घोषणा की.
शाह ने कहा कि चुनाव संपन्न होने के बाद भी बंगाल में केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF) अगले 60 दिनों तक तैनात रहेंगे, ताकि चुनावी नतीजों के बाद किसी भी संभावित हिंसा को रोका जा सके. उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वे 'दीदी के गुंडों' से डरे बिना 29 अप्रैल को अपने मताधिकार का प्रयोग करें.
वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बैरकपुर में एक चुनावी रैली के दौरान विश्वास जताया कि बंगाल में इस बार भाजपा की सरकार बनना तय है.
प्रधानमंत्री ने कहा कि राज्य का मूड भांपते हुए वह यह कह सकते हैं कि 4 मई को चुनावी नतीजे आने के बाद वह भाजपा सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए फिर से बंगाल आएंगे.
प्रधानमंत्री ने सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस पर तीखा प्रहार करते हुए 'सिंडिकेट राज', राजनीतिक हिंसा और आर्थिक गिरावट के आरोप लगाए.
उन्होंने कहा कि जिस तरह ओडिशा और बिहार में विकास की लहर दिखी है, वैसी ही लहर अब बंगाल में भी 'कमल' खिलाएगी. चुनाव आयोग ने शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए संवेदनशील इलाकों और प्रमुख ट्रांजिट पॉइंट्स पर सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी कर दी है.