CEC ज्ञानेश कुमार 48 घंटे में दें इस्तीफा वर्ना होगा 'जंतर-मंतर 2.0'- CJP
नई दिल्ली । डेस्क: कॉकरोच जनता पार्टी ने मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार पर नागरिकों के मताधिकार को छीनने और चुनावी प्रक्रिया को प्रभावित करने का आरोप लगाते हुए उनके तत्काल इस्तीफे की मांग की है. दिल्ली में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने चेतावनी दी कि यदि सीईसी दो दिनों (48 घंटे) के भीतर अपने पद से त्यागपत्र नहीं देते हैं, तो पार्टी देशव्यापी विरोध प्रदर्शन शुरू करेगी और दिल्ली में 'जंतर-मंतर 2.0' आंदोलन आयोजित किया जाएगा.
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान सीजेपी के सह-संयोजक आशुतोष रांका ने चुनाव आयोग और मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया को लेकर तीन प्रमुख मांगें रखीं:
1) मुख्य चुनाव आयुक्त का इस्तीफा व आपराधिक कार्रवाई: सीईसी ज्ञानेश कुमार तुरंत अपने पद से त्यागपत्र दें और उनके खिलाफ तत्काल आपराधिक मामला दर्ज किया जाए.
2) आगामी चुनाव स्थगित और SIR की जांच: आगामी सभी चुनावों को तुरंत रोक दिया जाए, राज्यों में एसआईआर-पूर्व मतदाता सूची को बहाल किया जाए तथा एसआईआर प्रक्रिया की स्वतंत्र जांच आयोग से जांच कराई जाए. इसके साथ ही सुप्रीम कोर्ट एसआईआर से जुड़ी सभी फाइलों को चुनाव आयोग द्वारा नष्ट किए जाने से पहले अपने कब्जे में ले.
3) नियुक्ति कानून को रद्द करना: मुख्य चुनाव आयुक्त और अन्य चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति से जुड़े 2023 के अधिनियम को निरस्त कर नागरिक समाज समूहों की भागीदारी वाला नया कानून बनाया जाए.
सीजेपी संस्थापक अभिजीत दीपके ने युवाओं से लोकतंत्र और वोट के अधिकार की रक्षा के लिए आगे आने की अपील की. इसके साथ ही उन्होंने विपक्षी दलों को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि यदि उन्हें चुनाव में धांधली की जानकारी है, तो उन्हें स्पष्ट रुख अपनाना होगा. वे एक तरफ चुनाव में हिस्सा लें और दूसरी तरफ धांधली का विरोध करें, ऐसा नहीं चल सकता.
गौरतलब है कि सीजेपी की यह मांग चुनाव आयोग के भीतर मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) से जुड़े मुद्दों पर चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी द्वारा बार-बार उठाए गए सवालों के उजागर होने के बाद सामने आई है.