CBSE: कक्षा 7-9 के छात्रों को तीन-भाषा नीति में मिली राहत
नई दिल्ली । डेस्क: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने कक्षा 7 से 9 में पढ़ रहे लाखों छात्रों को एक बड़ी राहत दी है. बोर्ड ने साफ किया है कि जिन छात्रों ने तीन-भाषा नीति के तहत पहले से दो विदेशी भाषाओं का विकल्प चुना है, उन्हें कक्षा 10 तक उसी भाषा संयोजन (लैंग्वेज कॉम्बिनेशन) को जारी रखने की अनुमति होगी.
यह फैसला सीबीएसई के उस हालिया आदेश के बाद आया है, जिसमें कक्षा 9 से तीन भाषाओं की पढ़ाई अनिवार्य कर दी गई थी, जिसमें कम से कम दो भारतीय भाषाओं का होना जरूरी था. इस आदेश के खिलाफ कई छात्रों और अभिभावकों ने अदालत का रुख किया था.
सीबीएसई के एक वरिष्ठ अधिकारी ने स्पष्ट किया कि नई भाषा नीति के तहत कम से कम दो भारतीय भाषाओं को पढ़ने की अनिवार्यता को भविष्य में केवल कक्षा 6 से लागू किया जाएगा. इसे कक्षा 7 से 9 में पहले से पढ़ रहे छात्रों पर पूर्वव्यापी प्रभाव से लागू नहीं किया जाएगा.
अधिकारी ने बताया कि इस संबंध में जल्द ही एक आधिकारिक अधिसूचना जारी की जाएगी. इससे पहले मई में बोर्ड ने कहा था कि जब तक नई 'आर3' (R3) पाठ्यपुस्तकें उपलब्ध नहीं हो जातीं, तब तक कक्षा 9 के छात्र चुनी गई भाषा के लिए कक्षा 6 की 2026-27 संस्करण की पुस्तकों का उपयोग कर सकते हैं.
यह कदम राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) 2020 और नेशनल करिकुलम फ्रेमवर्क (NCF-SE) 2023 के तहत उठाया गया है.
इसके अलावा, सीबीएसई ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 से कक्षा 9 के लिए गणित और विज्ञान में दो-स्तरीय व्यवस्था (स्टैंडर्ड और एडवांस्ड) शुरू करने की भी घोषणा की है.
इस नई व्यवस्था के तहत सभी छात्र 80 अंकों की एक सामान्य परीक्षा में शामिल होंगे, लेकिन जो छात्र उच्च दक्षता चाहते हैं, वे एक अतिरिक्त एडवांस्ड स्तर का पेपर दे सकते हैं. इस नए दो-स्तरीय सिस्टम के तहत पहली कक्षा 10 की बोर्ड परीक्षा वर्ष 2028 में आयोजित की जाएगी.