CBSE 10वीं पासिंग मार्क्स विवाद: 33% अलग-अलग अंक लाने का नियम वापस
नई दिल्ली । डेस्क: केन्द्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए कक्षा 10वीं की बोर्ड परीक्षा के पासिंग क्राइटेरिया (उत्तीर्ण मानदंड) में प्रस्तावित बड़े बदलाव को आधिकारिक तौर पर वापस ले लिया है. बोर्ड द्वारा जारी किए गए नए नोटिफिकेशन के बाद अब छात्रों को पास होने के लिए पुराने नियमों के तहत ही थ्योरी और इंटरनल असेसमेंट मिलाकर कुल 33 प्रतिशत अंक हासिल करने होंगे.
क्या था बोर्ड का नया नियम?
इससे पहले अप्रैल में बोर्ड द्वारा जारी पाठ्यक्रम नीति के अनुसार, सत्र 2026-27 से 10वीं के छात्रों को पास होने के लिए प्रत्येक विषय के मुख्य लिखित पत्र (बोर्ड परीक्षा) और आंतरिक मूल्यांकन (इंटरनल असेसमेंट) में अलग-अलग 33-33 प्रतिशत अंक लाना अनिवार्य कर दिया गया था.
क्यों वापस लिया गया फैसला?
जून में ऑन-स्क्रीन मार्किंग (OSM) प्रणाली के प्रयोग के कारण कक्षा 12वीं के परिणामों में हुई देरी और पास प्रतिशत में आई गिरावट से बोर्ड को भारी आलोचना का सामना करना पड़ा था. 10वीं में भी दोनों वर्गों में अलग-अलग 33% पासिंग मार्क्स अनिवार्य करने से बोर्ड परीक्षा के पास प्रतिशत में बड़ी गिरावट और छात्रों-अभिभावकों के भारी विरोध की आशंका थी. शिक्षा मंत्रालय द्वारा बोर्ड को एक साथ कई प्रयोग न करने की सलाह दिए जाने के बाद सीबीएसई ने इस फैसले को फिलहाल टाल दिया है. हालांकि, अधिकारियों का कहना है कि इस नियम को सत्र 2027-28 में लागू करने पर विचार किया जा सकता है.
अब क्या होगा अंक वितरण और मूल्यांकन का फॉर्मूला?
सीबीएसई परीक्षा नियंत्रक संयम भारद्वाज ने स्पष्ट किया है कि सत्र 2026-27 के प्रश्नपत्र पैटर्न और मूल्यांकन प्रक्रिया में कोई बदलाव नहीं होगा. बोर्ड 80-20 के पुराने वेटेज फॉर्मूले पर ही काम करेगा:
* मुख्य बोर्ड परीक्षा (लिखित): 80 अंक
* आंतरिक मूल्यांकन (स्कूल असेसमेंट): 20 अंक (आवधिक परीक्षण, प्रोजेक्ट वर्क और गतिविधियों के आधार पर)
नए फैसले के बाद, छात्र यदि स्कूल के आंतरिक मूल्यांकन में 20 में से 15 अंक प्राप्त कर लेते हैं, तो उन्हें परीक्षा पास करने के लिए 80 अंकों वाली बोर्ड परीक्षा में केवल 18 अंक (कुल मिलाकर 33 अंक) लाने होंगे.
बोर्ड ने देश और विदेश के लगभग 32,000 सीबीएसई-संबद्ध स्कूलों के लिए कक्षा 10वीं और 12वीं के उम्मीदवारों की सूची (LOC) जमा करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है और जल्द ही पंजीकरण प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी.