IIT बॉम्बे: प्रोफेसर पर जातिगत प्रताड़ना और आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज
मुंबई । डेस्क: मुंबई के आईआईटी बॉम्बे में बीटेक सेकेंड ईयर के 22 वर्षीय छात्र साहिल वाकोडे की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के बाद मामला गरमा गया है. 18 सितंबर को हॉस्टल नंबर 4 में छात्र का शव मिलने के बाद मुंबई पुलिस ने शनिवार को एनर्जी साइंस विभाग के प्रोफेसर सूर्यनारायण डल्ला के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है.
छात्र के पिता चक्रधर वाकोडे की शिकायत पर पुलिस ने अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम (SC/ST एक्ट) की गंभीर धाराओं और आत्महत्या के लिए उकसाने के तहत एफआईआर दर्ज की है.
मृतक छात्र के पिता ने एफआईआर में आरोप लगाया है कि उनके बेटे को पिछले तीन महीनों से उसकी जाति को लेकर मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था और उसे झूठे मामलों में फंसाने की धमकियां दी जा रही थीं. इस शिकायत में प्रोफेसर के अलावा संस्थान के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों की भूमिका का भी जिक्र किया गया है.
दूसरी ओर, संस्थान का कहना है कि परीक्षा के दौरान मोबाइल फोन का इस्तेमाल कर चैटजीपीटी से उत्तर ढूंढने के आरोप में पकड़े जाने के बाद छात्र तनाव में आ गया था. प्रत्यक्षदर्शी छात्र के अनुसार, प्रोफेसर द्वारा पकड़े जाने और संभावित निलंबन की चेतावनी मिलने के तुरंत बाद साहिल परीक्षा हॉल छोड़कर चला गया था और बाद में उसका शव कमरे में पाया गया.
इस घटना के बाद से ही आईआईटी बॉम्बे परिसर में छात्रों का गुस्सा फूट पड़ा है. कैंपस में भारी विरोध प्रदर्शन जारी है, जिसमें छात्र संस्थान के निदेशक के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं. पुलिस फिलहाल पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है.