सर्किट हाउस से बेदखली का मामला: महुआ मोइत्रा पहुंचीं सुप्रीम कोर्ट
नई दिल्ली । डेस्क: तृणमूल कांग्रेस की सांसद महुआ मोइत्रा ने पश्चिम बंगाल के नादिया जिला प्रशासन पर सरकारी सर्किट हाउस से जबरन बाहर निकालने का आरोप लगाते हुए सुप्रीम कोर्ट का रुख किया है. हालांकि, शीर्ष अदालत ने इस याचिका पर तत्काल आधार पर सुनवाई करने से इनकार कर दिया.
मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत, न्यायमूर्ति जोयमाल्या बागची और न्यायमूर्ति वी. मोहना की पीठ के समक्ष महुआ मोइत्रा के वकील ने मामले का उल्लेख करते हुए बताया कि उनके संसदीय क्षेत्र कृष्णनगर में देर रात यह घटना घटी. वकील ने तर्क दिया कि हाईकोर्ट का संरक्षण आदेश होने के बावजूद उन्हें अलॉट किए गए कमरे से बेदखल किया गया.
उन्होंने इसे एक गंभीर संवैधानिक और संघवाद से जुड़ा मुद्दा बताते हुए स्वतंत्र जांच की मांग की और मामले को जल्द सूचीबद्ध करने का अनुरोध किया.
सांसद ने आरोप लगाया कि 14 अगस्त की रात जब उन्होंने कमरा खाली करने से मना कर दिया, तो सर्किट हाउस के बाहर भारी भीड़ जुट गई और "जय श्री राम" के नारे लगाने लगी. मोइत्रा ने इस संबंध में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को पत्र लिखकर जिला प्रशासन द्वारा किए जा रहे उत्पीड़न में हस्तक्षेप की मांग की थी.
संसद सत्र के बाद अपने क्षेत्र में ठहरीं टीएमसी सांसद का कहना है कि सांसद होने के नाते वे वहां ठहरने की हकदार थीं. उन्होंने दावा किया कि बुकिंग के समय या चेक-इन करते वक्त उन्हें किसी रोक की जानकारी नहीं दी गई थी.
साथ ही उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि सर्किट हाउस, जिला मजिस्ट्रेट और पुलिस अधीक्षक के आधिकारिक बंगलों के ठीक सामने स्थित होने के कारण एक सुरक्षित क्षेत्र है, जहां इस प्रकार भीड़ का जुटना गंभीर सुरक्षा चूक को दर्शाता है.