बीजापुर शिक्षक की मौत की गुत्थी: जांच से ज्यादा सवाल
बीजापुर | संवाददाता: बीजापुर के पालनार प्राथमिक शाला के प्रधान पाठक राजू पुजारी की कथित आत्महत्या का मामला उलझ कर रह गया है. घटना के डेढ़ महीने बाद भी कई ऐसे सवाल हैं, जिनका जवाब न पुलिस के पास है और न ही जांच में अब तक सामने आया है.
दो अलग-अलग सुसाइड नोट, हैंडराइटिंग को लेकर विवाद, मृतक द्वारा लिए गए भारी कर्ज जैसे कई पहलुओं की अनदेखी और घटना से जुड़ी कई विरोधाभासी जानकारियों ने इस मामले को उलझा दिया है.
इलाके के कांग्रेसी विधायक विक्रम मंडावी इस मामले में मुखर बने हुए हैं. माना जा रहा है कि विपक्षी दल के दबाव में पुलिस जांच के बजाय पूरे मामले को आनन-फानन में निपटाने में जुटी हुई है.
हालांकि बीजापुर के थाना प्रभारी दुर्गेश शर्मा ने कहा है कि मामले की जांच चल रही है और पुलिस हर पहलू से जांच करेगी.
गौरतलब है कि 22 अप्रैल को बीजापुर के ग्राम पालनार स्थित प्राथमिक शाला मझारपारा में पदस्थ प्रधान पाठक राजू पुजारी का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला था. घटना के बाद पुलिस को मृतक के पास से दो कथित सुसाइड नोट मिलने की बात सामने आई. यहीं से संदेह की शुरुआत हुई.
हैंड राइटिंग एक्सपर्ट का कहना है कि दोनों सुसाइड नोट की लिखावट राजू पुजारी की आधिकारिक हैंडराइटिंग से मेल नहीं खाती. इतना ही नहीं, दोनों नोट की लिखावट भी आपस में अलग दिखाई देती है. दोनों की भाषा, प्रस्तुति और हस्ताक्षर का तरीका भी एक-दूसरे से भिन्न है.
एक कथित सुसाइड नोट लाइन वाले कागज पर लिखा गया है. इसमें ठेकेदार देवाआशीष मंडल, शैलेष वासम और डोंगरे सर का नाम लेकर उन्हें मौत के लिए जिम्मेदार बताया गया है. लेकिन इस कथित सुसाइड नोट में यह कहीं नहीं लिखा है कि इन लोगों ने ऐसा क्या किया जिससे मृतक इतना परेशान हुआ कि उसे आत्महत्या जैसा कदम उठाना पड़ा.
इस नोट में एक और बात संदेह पैदा करती है. हस्ताक्षर के बाद एक अलग पंक्ति में लिखा गया है कि मेरे परिवार की जिम्मेदारी यही लोग उठाएंगे. यह पंक्ति बाद में जोड़ी गई प्रतीत होती है, जिससे नोट की विश्वसनीयता पर सवाल उठ रहे हैं.
दूसरा कथित सुसाइड नोट कोरे कागज पर लिखा हुआ मिला. यह काफी मुड़ा-तुड़ा था. इसमें स्कूल भवन निर्माण की खराब गुणवत्ता का जिक्र किया गया है. साथ ही ठेकेदार, डीएमसी डोंगरे और इंजीनियर को जिम्मेदार ठहराया गया है. नोट में यह भी लिखा गया है कि निर्माण कार्य की शिकायत कई बार की गई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई और इसका दोष मृतक पर आने वाला था.
हालांकि इस दावे पर भी सवाल उठ रहे हैं. समग्र शिक्षा विभाग ने निर्माण कार्य में भ्रष्टाचार, भुगतान के दबाव और अनियमितता संबंधी खबरों का औपचारिक रूप से खंडन किया है.
विभाग की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि प्राथमिक शाला मझारपारा में नए भवन के लिए 20.30 लाख रुपये और अतिरिक्त कक्ष के लिए 8.07 लाख रुपये स्वीकृत हुए थे. दोनों निर्माण कार्य फरवरी 2026 में पूर्ण हो चुके थे और उपलब्ध दस्तावेजों के आधार पर भुगतान भी किया जा चुका था. विभाग का कहना है कि शेष 60 प्रतिशत राशि अभी तक राज्य कार्यालय से प्राप्त ही नहीं हुई है, इसलिए किसी प्रकार के भुगतान दबाव का सवाल ही नहीं उठता.
लागत से कम ही किया काम का मूल्यांकन
यह भी बताया जा रहा है कि लगभग 20 लाख रुपये की लागत वाले इस निर्माण कार्य का अंतिम मूल्यांकन संबंधित इंजीनियर द्वारा करीब 17 लाख रुपये तक ही किया गया. मूल्यांकन के दौरान केवल उन्हीं कार्यों को शामिल किया गया, जो वास्तविक रूप से पूर्ण किए गए थे. ठेकेदार द्वारा जिन कार्यों को पूरा नहीं किया गया था, उन्हें मूल्यांकन और भुगतान की प्रक्रिया से बाहर रखा गया.
जानकारी के अनुसार रेन वाटर हार्वेस्टिंग, पुट्टी कार्य तथा बाला कॉन्सेप्ट से जुड़े कुछ कार्य अधूरे थे. इसी कारण इन मदों का न तो मूल्यांकन किया गया और न ही उनका भुगतान किया गया. ऐसे में यह तर्क दिया जा रहा है कि जब अपूर्ण कार्यों का भुगतान ही नहीं किया गया, तो इस मामले में भ्रष्टाचार या अनियमित भुगतान का प्रश्न नहीं उठता.
विभाग ने यह भी स्पष्ट किया कि राजू पुजारी ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर कभी कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई थी. ऐसे में दूसरे सुसाइड नोट में दर्ज आरोपों को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं.
मृतक ने ले रखा है 17 लाख का लोन
मामले में आर्थिक पहलू भी सामने आया है.
बताया जा रहा है कि मृतक राजू पुजारी ने बैंक से लगभग 17 लाख रुपये का ऋण लिया हुआ था, जिसमें से 12 लाख अभी लौटाना बचा हुआ है. कुछ सहयोगियों का कहना है कि मृतक इस लोन को लेकर भी दबाव में थे.
हालांकि पुलिस ने अब तक यह जांच नहीं की कि यह कर्ज किस उद्देश्य से लिया गया था और क्या इसका संबंध इस आत्महत्या से है.
क्या कहा आरोपियों ने
कथित सुसाइड नोट में जिन तीन लोगों के नाम लिखे गए हैं, उन्होंने पुलिस को दिए अपने बयानों में कहा है कि महीनों से उनका राजू पुजारी से कोई संपर्क नहीं था. उन्होंने कॉल डिटेल और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच की मांग भी की है.
पुलिस से जुड़े सूत्रों का दावा है कि डिजिटल रिकॉर्ड में मृतक और इन लोगों के बीच हाल के समय में किसी बातचीत के प्रमाण नहीं मिले हैं.
फंदे से उतार लेने के बाद पहुंची पुलिस
मामले का एक और महत्वपूर्ण पहलू घटना के बाद पुलिस के मौके पर पहुंचने में हुई देरी का भी है. बताया जा रहा है कि, राजू पुजारी की मौत के बाद उन्हें फंदे से उतार लिया गया था.
पुलिस उसके बाद मौके पर पहुंची.
इस दौरान घटनास्थल पर मौजूद सामग्री की सुरक्षा और साक्ष्यों से छेड़छाड़ की आशंका से भी इंकार नहीं किया जा सकता.
महिला को किया वाट्सएप, फिर किया डिलीट
इसी बीच कुछ सूत्रों ने दावा किया है कि राजू पुजारी ने मृत्यु से पहले एक महिला को वाट्सएप पर मैसेज किया था, जिसे बाद में डिलीट कर दिया था. उस मैसेज में क्या लिखा गया और उस महिला को क्यों भेजा गया है, यह भी सवाल बना हुआ है.
हालांकि पुलिस ने कहा है कि इस वाट्सऐप संदेश का आत्महत्या से कोई लेना-देना नहीं है. पुलिस ने महिला की भूमिका को पूरी तरह से खारिज किया है.
मामले का राजनीतिकरण
इस मामले में भाजपा से जुड़े एक ठेकेदार का नाम सामने आया है, इसलिए कांग्रेस ने इसे प्रमुखता से उठाया है और लगातार सक्रियता दिखा रही है. इस मामले को लेकर बीजापुर विधायक विक्रम मंडावी भी काफी मुखर नजर आ रहे हैं.
उन्होंने कथित आरोपियों की गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस भी आयोजित की थी.
महिला संबंधी दावे निराधार, बैंक लोन एंगल की जांच नहीं: थाना प्रभारी
बीजापुर थाना प्रभारी दुर्गेश शर्मा का कहना है कि मामले के सभी आवश्यक पहलुओं की जांच की जा चुकी है. उनके अनुसार दोनों सुसाइड नोट और मृतक की मूल हैंडराइटिंग को फोरेंसिक तथा हैंडराइटिंग विशेषज्ञों के पास भेजा गया है.
उन्होंने कहा कि पुलिस फिलहाल पंचनामा और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर दोनों नोट को मृतक का ही मान रही है.
दो सुसाइड नोट मिलने पर उनका कहना है कि कई मामलों में एक से अधिक सुसाइड नोट भी मिलते हैं. किसी महिला से जुड़े दावे को उन्होंने पूरी तरह निराधार बताया है. वहीं बैंक लोन के पहलू पर उन्होंने स्वीकार किया कि उस दिशा में कोई जांच नहीं की गई है.
उन्होंने बताया कि नामजद तीन आरोपियों में से एक को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि दो अन्य अभी फरार हैं, जिनका तलाश की जा रही है. उन्होंने कहा कि आरोपियों की गिरफ्तारी होते ही चालान पेश किया जाएगा.