नाबालिग को रातभर थाने में रखने का मामला: कांग्रेस ने घेरा एसपी दफ्तर
राजनांदगांव । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव में एक 14 वर्षीय नाबालिग लड़की को नियमों के विरुद्ध रात में पुलिस थाने में रखने और कथित रूप से प्रताड़ित करने का एक गंभीर मामला सामने आया है. इस घटना को लेकर स्थानीय स्तर पर आक्रोश बढ़ता जा रहा है. मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक (एसपी) अंकिता शर्मा ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सोमनी थाना प्रभारी (टीआई) और एक महिला प्रधान आरक्षक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. इसके साथ ही, पूरे घटनाक्रम की दोहरी जांच शुरू कर दी गई है, जिसमें एक जांच पुलिस महकमा और दूसरी जिला प्रशासन की टीम कर रही है.
इस पूरे विवाद में गलत मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर बच्ची को मानसिक रूप से परेशान करने के भी आरोप लगे हैं. घटना में शामिल ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर (बीएमओ) और ड्यूटी डॉक्टर सहित सभी संबंधित आरोपियों के खिलाफ एक विस्तृत जांच रिपोर्ट तैयार की जा रही है, जिसे आगामी दंडात्मक कार्रवाई के लिए जिला कलेक्टर को सौंपा जाएगा. पुलिस प्रशासन का कहना है कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से जांच की जा रही है ताकि दोषियों को बख्शा न जाए.
दूसरी ओर, इस संवेदनशील मुद्दे पर सियासत भी गरमा गई है. शहर जिला कांग्रेस कमेटी ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय का जोरदार घेराव किया और घटना में शामिल सभी दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की पुरजोर मांग की.
आंदोलन से पहले, पूर्व महापौर हेमा देशमुख ने कांग्रेस पदाधिकारियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ पीड़ित परिवार के घर जाकर उनसे मुलाकात की. उन्होंने पीड़ित बच्ची का ढांढस बंधाया और उसे प्रेरित करते हुए कहा कि वे इतनी पढ़ाई करे कि भविष्य में खुद एक अच्छी पुलिस अफसर बनकर ऐसे तत्वों को कड़ा संदेश दे, और यह साबित करे कि वह कभी किसी के साथ अन्याय नहीं होने देगी.
पूर्व महापौर ने प्रशासन को चेतावनी भी दी है कि यदि पीड़ित परिवार को जल्द से जल्द न्याय नहीं मिला, तो वे एक उग्र जन-आंदोलन शुरू करने को बाध्य होंगे.
गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले के सोमनी थाना क्षेत्र में एक 14 साल की नाबालिग बच्ची को सिर्फ एक गलत मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर रातभर थाने में बिठाकर प्रताड़ित किया गया. इस संवेदनहीन कृत्य के बाद जब जनता और सियासी गलियारों में भारी आक्रोश फैला, तो प्रशासन को तुरंत बैकफुट पर आना पड़ा.
मामले की गंभीरता को देखते हुए राजनांदगांव की एसपी अंकिता शर्मा ने सोमनी थाना प्रभारी (SHO) अरुण नामदेव और एक महिला कांस्टेबल राजश्री सिंह को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है.
इसके साथ ही, लापरवाही बरतने वाले स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और लैब टेक्नीशियन के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई शुरू कर दी गई है.
यह पूरा मामला तब शुरू हुआ जब 25 मई को नाबालिग लड़की को पेट में तेज दर्द की शिकायत के बाद सोमनी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया था. वहां डॉक्टरों और लैब स्टाफ ने कथित तौर पर एक बेहद गैर-जिम्मेदाराना प्रेगनेंसी टेस्ट किया, जिसकी रिपोर्ट 'पॉजिटिव' आई. बिना किसी गहन जांच के अस्पताल ने तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दे दी, जिससे पोक्सो (POCSO) मामले का संदेह पैदा हुआ.
इसके बाद सक्रिय हुई सोमनी पुलिस ने मानवीय संवेदनाओं को ताक पर रखकर कार्रवाई शुरू की. परिजनों का आरोप है कि पुलिस नाबालिग को थाने ले आई और पूरी रात उससे यह दबाव बनाकर पूछताछ की जाती रही कि "इस घटना के लिए कौन जिम्मेदार है."
पीड़ित बच्ची लगातार रोती रही और खुद को बेकसूर बताती रही, लेकिन पुलिस का दिल नहीं पघला. बाद में जब राजनांदगांव में बच्ची की दोबारा सोनोग्राफी और यूरिन जांच कराई गई, तो सच्चाई सामने आई. लगातार चार अलग-अलग टेस्ट में रिपोर्ट पूरी तरह से 'नेगेटिव' आई, जिसने सोमनी स्वास्थ्य केंद्र की घोर लापरवाही और पुलिसिया ज्यादती की पोल खोलकर रख दी.