शुक्र, 13 नव. 2026

CGKhabar

छत्तीसगढ़ में कार्बन क्रेडिट: बस्तर के आदिवासी की कीमत पर पेरिस में फैशन शो

C

CG Khabar

11 मार्च 2025, 01:47 PM 13 मिनट में पढ़ें 30

कार्बन क्रेडिट छत्तीसगढ़
कार्बन क्रेडिट छत्तीसगढ़

रायपुर | ममता मानकर : छत्तीसगढ़ में एक बड़ा स्कैम चल रहा है. एक ऐसा स्कैम, जिसके बारे में छत्तीसगढ़ के अधिकांश लोगों को पता ही नहीं है लेकिन रायपुर से लेकर बस्तर तक जारी, इस स्कैम के भरोसे पेरिस में फैशन शो हो रहे हैं, इंदौर से लेकर भोपाल और दिल्ली-मुंबई तक अरबों की कमाई हो रही है. इस स्कैम के अलग-अलग चेहरे हैं-पेड़ लगाओ, करोड़ों पाओ. उन्नत चुल्हा जलाओ, करोड़ों पाओ, बेसाल्ट का चूरा खेतों में बिछाओ, करोड़ों पाओ. अरबों खरबों के इस स्कैम का नाम है कार्बन क्रेडिट.


इस खेल को समझने के लिए लौटते हैं थोड़ा पीछे. 2023 के छतीसगढ़ विधान सभा के ठीक एक साल पहले यानी 2022 के अक्टूबर-नवंबर के दरमियान रायपुर विधानसभा के पश्चिमी क्षेत्र में कुछ ऐसा हो रहा था, जिस पर बहुत लोगों ने ध्यान नहीं दिया. इस इलाके में तब के विधायक विकास उपाध्याय मुफ़्त में लकड़ी से जलने वाले सिगड़ी यानी चुल्हे, जिसे मिनी कूक स्टोव बांट रहे थे. वो भी बिना किसी प्रचार प्रसार के. अगर यह सिर्फ वोट पाने के लिए होता, तो इसका प्रचार-प्रसार जरूर किया जाता. लेकिन दबे पाँव चुनावी रेवड़ी की तरह बांटी गई इस कथित धुआं रहित चुल्हे को लेकर कहीं कोई बात नहीं हुई.

विज्ञापन

इस इलाके में जो धुआं रहित चुल्हा बांटा गया, वह पर्यावरण बचाओ पोस्ट के नाम की थी और जिसकी कीमत बताई गई थी ढ़ाई से तीन हजार रुपये. लेकिन यह धुआं रहित चुल्हा सबको मुफ्त में बांटा गया. क्षेत्र के लोगों को मुफ्त में धुआं रहित चुल्हे के लिए कुछ जरूरी दस्तावेज, जैसे आधार कार्ड और उनके पास रायपुर पश्चिम क्षेत्र का वोटर आईडी होना ज़रुरी था.


दावा है कि रायपुर शहर में केवल पश्चिम विधानसभा के इलाके में ढ़ाई लाख ऐसे चुल्हे मुफ्त में बांटे गए. रसोई गैस और मुफ्त उज्जवला योजना के इस ज़माने में इन लकड़ी वाले चूल्हों पर खाना तो नहीं पका लेकिन इन चूल्हों के नाम पर कुछ कंपनियों के करोड़ो रुपये ज़रुर पक गए. अब आप सोचेंगे कि मुफ्त में चुल्हे बांट कर भला किसी को करोड़ों रुपये कैसे मिल सकते हैं?


इसे ही कहते हैं कार्बन क्रेडिट का खेल.


दुनिया भर में कहीं असमय बाढ़ आ रहे हैं तो कहीं तेज़ गरमी बढ़ रही है. बरसात के दिन कम हो रहे हैं तो गरमी के दिन बढ़ रहे हैं. खेती बाड़ी से लेकर स्वास्थ्य तक, सब कुछ इस जलवायु परिवर्तन के कारण बुरी तरह से प्रभावित हो रहा है. जलवायु परिवर्तन के पीछे एक बड़ा कारण है कार्बन उत्सर्जन, जो धरती को बीमार बना रहा है.


कार्बन पैदा करने वाली कंपनियों को इसके लिए जिम्मेवार ठहराया गया तो तय किया गया कि वे इसकी भरपाई करें. इन कंपनियों ने ऐसी एजेंसियों को पैसा देना शुरु किया, जो धरती के किसी भी इलाके में कार्बन कम करने का काम कर रही हों.


क्योटो प्रोटोकॉल (1997) एक अंतरराष्ट्रीय समझौता था, जिसका उद्देश्य दुनिया भर में ग्रीनहाउस गैसों (जैसे CO₂) के उत्सर्जन को कम करना था ताकि ग्लोबल वार्मिंग को रोका जा सके. इसमें 41 देशों और यूरोपीय संघ ने भाग लिया और यह तय किया गया कि वे 1990 के मुकाबले अपने उत्सर्जन को 5.2% तक कम करेंगे. इसके बाद खुला कार्बन बाजार का रास्ता.


कई कंपनियां और सरकारें पर्यावरण के अनुकूल बनने की कोशिश कर रही हैं.  इसे दुनिया के सामने अपनी सकारात्मक छवि बनाने की दिशा के रूप में भी देखा जाता है. वे कार्बन बाजारों का सहारा लेती हैं.


कार्बन क्रेडिट एक सर्टिफिकेट है, जो किसी कंपनी को एक निश्चित मात्रा में CO₂ (कार्बन डाइऑक्साइड) उत्सर्जित करने की अनुमति देता है. इससे पर्यावरण का संतुलन बना रहता है और पर्यावरण को सुधारने में, ग्रीन हाऊस गैसों को, कार्बन को कम करने में, जिनकी भूमिका होती है, उन्हें आर्थिक लाभ भी होता है.


कार्बन क्रेडिट को समझने के लिए भारत में कार्बन बाजार को समझते हैं. यह बाजार एक तरह की प्रणाली है, जिसमें प्रदूषण कम करने के लिए लागत लगाई जाती है और पर्यावरण की रक्षा करने के लिए आर्थिक प्रोत्साहन दिए जाते हैं. इसमें कंपनियां या तो अपने कार्बन उत्सर्जन को कम कर सकती हैं या फिर "कार्बन क्रेडिट" खरीदकर अपनी जिम्मेदारी निभा सकती हैं.


अब इसमें दो तरह के कार्बन बाजार होते हैं- पहला अनुपालन (Compliance) कार्बन बाजार: इसमें सरकार के बनाए नियमों का पालन करना जरूरी होता है और दूसरा स्वैच्छिक (Voluntary) कार्बन बाजार: इसमें कंपनियां अपनी मर्जी से हिस्सा लेती हैं ताकि वे "ग्रीन" दिख सकें.


समस्या क्या है?


कार्बन बाजारों की कोई निश्चित संरचना नहीं है, जिससे पारदर्शिता की कमी बनी है. कई मामलों में धोखाधड़ी और "ग्रीनवाशिंग" मतलब सिर्फ दिखाने के लिए पर्यावरण हितैषी बनने का दावा करना जैसी शिकायतें आई हैं. इससे सवाल उठते हैं कि क्या ये बाजार सच में प्रदूषण कम करने में मदद कर रहे हैं या केवल दिखावा है?


छतीसगढ़ में भी कार्बन बाजार के जरिए हो रही धोखाधड़ी और "ग्रीनवाशिंग" का छोटा सा उदाहररण था, रायपुर में बांटी गई मुफ्त का चुल्हा.


एक कंपनी ने दावा किया कि उसने रायपुर में लाखों की संख्या में उन्नत चुल्हे बांटे हैं. सामान्य चुल्हे में खाना बनाने का काम होता तो जितनी लकड़ी जलती, जितना धुआं होता, जितना प्रदूषण होता, जितना कार्बन निकलता, उसकी तुलना में इस कथित उन्नत चुल्हे से केवल 10 फीसदी कार्बन उत्सर्जन होता है. यानी 90 फीसदी प्रदूषण को रोक लिया गया. इसके बाद चुल्हा बांटने वाली कंपनी ने प्रदूषण कम करने का हवाला दे कर, प्रति टन कार्बन के हिसाब से कार्बन क्रेडिट किसी प्रदूषण फैलाने वाली कंपनी को बेचा और कंपनी मालामाल हो गई.


अब इस पूरे मामले में दो पेंच हैं. पहला तो ये कि रायपुर शहर में जिन लोगों को ये चुल्हे बांटे गए, उनमें से अधिकांश लोग न तो पहले चुल्हे पर खाना पका रहे थे और ना ही अब इस चुल्हे पर खाना पका रहे हैं. ऐसे में इस चुल्हे की प्रदूषण कम करने या कार्बन कम करने में कोई भूमिका ही नहीं रही. और इस मामले का दूसरा पहलू ये है कि रायपुर में प्रदूषण कम करने या कार्बन कम करने के नाम पर जिस कंपनी को कार्बन क्रेडिट बेचा गया, उसे रायपुर में कार्बन कम करने का श्रेय लेते हुए और प्रदूषण फैलाने की छूट मिल गई.


सीएसई की पड़ताल


सेंटर फार साइंस एंड एनवायरमेंट यानी सीएसई ने देश भर में इस मुद्दे पर महत्वपूर्ण और चौंकाने वाला काम किया है. देश के अलग-अलग हिस्सों में कार्बन क्रेडिट के नाम पर चल रहे घोटाले की रिपोर्ट जब भारत सरकार तक पहुंची तो भारत सरकार भी चौंक गई. सीएसई की रिपोर्ट के बाद भारत सरकार में बैठकों का सिलसिला जारी है.


सीएसई की निदेशक सुनीता नारायण ने छत्तीसगढ़ में कार्बन क्रेडिट के नाम पर हो रहे धोखाधड़ी को लेकर गहरी चिंता व्यक्त की है. उनका कहना है कि यह मामला सभी को गुस्से में लाने वाला है, क्योंकि इसमें गरीब की जमीन, ताकत और मेहनत का कोई फायदा गरीबों को नहीं मिल रहा है. हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि कार्बन क्रेडिट एक अच्छा उपाय है, और इसका विरोध वह नहीं करतीं, लेकिन जिस तरह से इस पर काम किया जा रहा है, उसे वह एक स्कैम मानती हैं.


सुनीता नारायण ने कहा, "अगर किसान पेड़ लगाएंगे तो इसका फायदा न सिर्फ उन्हें बल्कि पूरी दुनिया को होगा, लेकिन जिस तरह से कार्बन क्रेडिट पर काम किया जा रहा है, वह केवल स्कैम है."


उन्होंने यह भी कहा कि जलवायु परिवर्तन की समस्या पूरी दुनिया के लिए गंभीर है, और अगर कोई किसान जलवायु परिवर्तन के लिए कुछ कर रहा है, तो उसे इसका फायदा मिलना चाहिए.


सुनीता नारायण ने उदाहरण देते हुए बताया कि किस तरह चुल्हे बांटे गए और उनके कार्बन क्रेडिट कंपनियों ने ले लिए- "कंपनियों ने इसका क्रेडिट लिया, लेकिन उन गरीब महिलाओं को कोई फायदा नहीं मिला जिन्होंने इन चूल्हों का इस्तेमाल किया. सबसे ज्यादा कहा गया कि हमने उन्हें चुल्हा मुफ्त में दिया, लेकिन क्या कभी यह पूछा गया कि वह चुल्हा काम का था या नहीं? चुल्हे बाटे गए जिसका कार्बन क्रेडिट कंपनियों ने लिया और जब उसका आप हिसाब लगाएंगे तो उसके ऑडिटर, वैरिफायर, रजिस्ट्री, डेवलेपर को पैसे मिले. जो भी सूट-बूट वाले थे सबको पैसा मिला मगर जिस गरीब महिला ने इस चुल्हे का इस्तेमाल किया उसे कुछ नहीं मिला."


सुनीता नारायण ने कहा-"सबसे ज्यादा कहा गया कि उसे तो हमने मुफ्त में चुल्हा तो दिया. लेकिन कभी उन महिलाओं ने नहीं पूछा कि क्या वो चुल्हा काम का भी था?  तो ये धोखा, दोनों के साथ हुआ. पहला उस गरीब महिला के साथ और दूसरा जलवायु परिवर्तन के साथ."


उन्होंने इस भ्रष्टाचार को लेकर कहा-"कंपनी ने कहा कि आधुनिक चुल्हा देने से प्रदूषण कम होगा और कार्बन क्रेडिट मिलेगा, लेकिन जब यह देखा गया कि क्या उस चुल्हे का सही उपयोग हुआ या नहीं, तो पता चला कि वह काम का नहीं था और घर के किसी कोने में पड़ा हुआ था. फिर भी कंपनियों ने उसका क्रेडिट लेकर बेच दिया, और यह बेचा गया पेरिस के किसी फैशन शो में. इस धोखाधड़ी से प्रदूषण तो बढ़ा ही, जलवायु परिवर्तन के मुकाबले कुछ भी नहीं हुआ."


किस्सा बस्तर का


बहरहाल, हमने आपको रायपुर के चुल्हे का किस्सा बताया, अब आपको हम बस्तर लिए चलते हैं. छत्तीसगढ़ राज्य बनने के साथ ही बस्तर में कृषि वानिकी परियोजना के तहत मंगलम टिम्बर प्रोडक्ट्स लिमिटेड (एमटीपीएल) नाम की कंपनी ने किसानों की बंजर जमीन पर नीलगिरी (यूकेलिप्टस) के पेड़ लगवाए. कंपनी ने वादा किया कि वह किसानों को पौधे, खाद, तकनीकी सहायता और पेड़ खरीदने की गारंटी देगी. इसके लिए किसानों को बैंक से कर्ज लेने के लिए कहा गया, जिसमें जमीन के कागज गिरवी रखने पड़े.


बाद में इस परियोजना में लगाए गए पेड़ों का हवाला देकर एमटीपीएल ने कार्बन क्रेडिट बेचे, जिससे बड़ी कंपनियों को फायदा हुआ. ज़ोमैटो, वीवर्क इंडिया, स्टेला मैककार्टनी जैसी कंपनियों ने इस परियोजना से जुड़े कार्बन क्रेडिट खरीदे. अनुमान के मुताबिक, एमटीपीएल ने करीब 86 करोड़ रुपये कमाए, लेकिन किसानों को क्या मिला, इसे आप किसानों की कहानी सुन कर समझ सकते हैं.


कुछ किसानों को बैंक से कर्ज मिला, लेकिन उन्हें नहीं पता था कि इसका असल उद्देश्य क्या था. कई किसानों के पेड़ खराब हो गए और उनकी देखभाल करने कोई नहीं आया. किसानों को उनकी मेहनत का पैसा नहीं मिला, बल्कि उन्हें कर्ज के बोझ में डाल दिया गया.अधिकांश किसानों को कार्बन क्रेडिट और एमटीपीएल के बारे में कुछ भी जानकारी नहीं थी.


इस परियोजना से कंपनी को बड़ा फायदा हुआ, लेकिन किसानों को सिर्फ कर्ज और परेशानियां मिलीं. बड़ी कंपनियों ने पर्यावरण हितैषी दिखने के लिए इसका इस्तेमाल किया, लेकिन असल में किसानों की मेहनत का सही मुआवजा भी नहीं मिला.


अब जरा कंपनी का हाल समझिए.


बस्तर में पेड़ लगाने की इस परियोजना की प्रस्तावक मंगलम टिम्बर प्रोडक्ट्स लिमिटेड (एमटीपीएल), जो ओडिशा में मध्यम घनत्व वाले फाइबरबोर्ड या एमडीएफ बनाती है, ने ओडिशा, आंध्र प्रदेश और छत्तीसगढ़ में 12,002 किसानों की बंजर भूमि पर नीलगिरी के बागान लगाए हैं.


परियोजना विवरण दस्तावेज़ के अनुसार, इसके बागान 14,969 हेक्टेयर में फैले हुए हैं, बस्तर में, जहाँ 2005, 2006 और 2007 में 544 किसानों की 427 हेक्टेयर भूमि पर वृक्षारोपण किया गया था, कंपनी ने किसानों और एक बैंक के साथ एक समझौता किया. समझौते के तहत, एमटीपीएल किसानों को प्रतिस्पर्धी कीमतों पर अच्छी गुणवत्ता वाले पौधे और उर्वरक उपलब्ध कराएगी और उन्हें कटाई तक वृक्षारोपण और रखरखाव से संबंधित तकनीकी सहायता और सेवाएँ प्रदान करेगी.कंपनी ने काटी गई लकड़ी को वापस खरीदने पर भी सहमति व्यक्त की. बदले में, किसान अपनी बंजर भूमि पर वृक्षारोपण करने, रखरखाव सुनिश्चित करने और पेड़ों को अवैध कटाई से बचाने के लिए सहमत हुए. वृक्षारोपण को बनाए रखने के लिए, एमटीपीएल ने किसानों को बैंक ऋण की सुविधा भी दी, जिसके लिए उन्हें बैंक के पास भूमि का स्वामित्व पत्र सुरक्षा के रूप में जमा करना था.


और किसानों के हिस्से कुछ नही आया


बस्तर के कुडकानार के प्रभावित किसान चैतू बघेल ने बताया, "कई साल पहले दिल्ली से 150 पौधे मिले थे, जिनके लिए कर्ज लिया था, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ. अब जमीन वापस लेने का नोटिस आया है, और कर्ज चुकाने के लिए फिर से कर्ज लिया."


रामधार नाग की  पत्नी भानुमति नाग ने बताया, "15 साल पहले हमें नीलगिरी का पौधा दिया गया था, लेकिन वह इतना छोटा था कि वह उग ही नहीं पाया और पूरी तरह से मर गया. इस प्लांटेशन से हमें कोई फायदा नहीं मिला, बल्कि नुकसान हुआ."


मनुराम बघेल ने भी 15 साल पहले लगाए गए नीलगिरी के पौधों का अनुभव साझा करते हुए कहा, "लगभग 2 एकड़ में पौधे लगाए गए, लेकिन वे कचरे की तरह खराब हो गए. किसी भी तरह की जानकारी नहीं दी गई, और इसके बाद कोई भी इसका देखभाल करने नहीं आया."


किसानों ने एमटीपीएल को अपनी ओर से कार्बन क्रेडिट का दावा करने और प्रति एकड़ कार्बन राजस्व का केवल 12 प्रतिशत उन्हें देने का करार किया. परियोजना विवरण दस्तावेज़ के अनुसार, किसानों को बैंक के माध्यम से भुगतान किया जाना था. अब तक, परियोजना को निगरानी अवधि 2001-11 के लिए 1.22 मिलियन क्रेडिट जारी किए जा चुके हैं. भारत में उद्योग विशेषज्ञों के अनुमान के अनुसार कृषि वानिकी परियोजनाओं से आमतौर पर प्रति कार्बन क्रेडिट 12 डॉलर मिलते हैं.


भारतीय खाद्य वितरण कंपनी ज़ोमैटो से लेकर भारतीय प्रबंधन संस्थान अहमदाबाद एलुमनाई एसोसिएशन (सिंगापुर चैप्टर) से लेकर वीवर्क इंडिया के हितधारकों तक कई कंपनियों ने क्रेडिट खरीदे हैं. यूके स्थित लग्जरी फैशन कंपनी स्टेला मैककार्टनी ने भी अपने समर 2023 फैशन शो से उत्सर्जन की भरपाई के लिए क्रेडिट खरीदे. हालाँकि, क्रेडिट के लिए एमटीपीएल को जो कीमत मिली, उसके बारे में कोई जानकारी सार्वजनिक डोमेन में उपलब्ध नहीं है. 


किसानों के दस्तावेज़ और सार्वजनिक तौर पर जो जानकारियां उपलब्ध हैं, उसके अनुसार 100 रुपये में से कंपनी ने 76 रुपये लागत (पंजीकरण शुल्क, निगरानी और सत्यापन और सत्यापन शुल्क) के लिए रखने का करार किया था और बचे हुए 24 रुपये में से भी 50 फीसदी अपने लिए रखने की बात कही थी. यानी किसान को 100 रुपये में से 12 रुपये मिलने थे. हालांकि हम फिर दुहरा रहे हैं कि इससे संबंधित दस्तावेज़ पब्लिक डोमेन में उपलब्ध नहीं हैं, इसलिए यह केवल अनुमान भर है.


आपने चुल्हा का किस्सा सुना और पेड़ का भी. अभी छत्तीसगढ़ में कुछ किसानों के खेत में बेसाल्ट चट्टान का चूरा डाला जा रहा है और किसानों को बिना खाद और कीटनाशक के खेती के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है. दावा ये है कि बेसाल्ट के चूरे से उत्पादन बढ़ता है. धीरे से कीटनाशक और खाद का उपयोग रोकने के नाम पर कार्बन क्रेडिट भी बेचा जाएगा. किसान को क्या हासिल हुआ, इस कार्बन क्रेडिट की कितनी रकम मिली, किसान ने कितने साल तक बेसाल्ट के चूरे वाली खेत में उपज ली, उससे जुड़े कई सवाल हैं, जिनके जवाब आने वाले दिनों में मिलेंगे.


कार्बन क्रेडिट का धंधा बड़े कॉरपोरेट्स के लिए मुनाफे की गारंटी है, लेकिन गरीब किसानों के लिए यह "हरित धोखा" है. तो अगली बार जब कोई "पर्यावरण बचाने" की बड़ी-बड़ी बातें करे, तो ज़रुरी बात की तरह ज़रूर पूछिएगा-फायदा किसे हो रहा है?

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
SIR- सांकेतिक फोटो
छत्तीसगढ़ विशेष

छत्तीसगढ़: मतदाता सूची में नाम जोड़ने व सुधार 11 दिसंबर तक, 4 जनवरी को अंतिम प्रकाशन

15 घंटे पहले

स्वच्छता अभियान- फाइल फोटो
छत्तीसगढ़ विशेष

स्वच्छता में छत्तीसगढ़ का डंका: राष्ट्रपति ने 3 निकायों को किया पुरस्कृत, बिल्हा देश में नंबर-1

एक दिन पहले

AI Generated Photo
छत्तीसगढ़ विशेष

छत्तीसगढ़ में 5 दिनों में गटक गए 54.60 करोड़ की शराब, विदेशी स्पिरिट का रहा दबदबा

एक दिन पहले

छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट
छत्तीसगढ़ विशेष

छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट का फैसला: फतवे की कोई कानूनी मान्यता नहीं, याचिका खारिज

1 सप्ताह पहले

लक्ष्य कोचिंग- दंतेवाड़ा
छत्तीसगढ़ विशेष

दंतेवाड़ा में कोचिंग घोटालाः 68 लाख की एजेंसी बाहर, 90 लाख वाली को काम

1 सप्ताह पहले

महादेव ऐप, सौरभ चंद्राकर, महादेव सट्टा
छत्तीसगढ़ विशेष

महादेव सट्टा के सौरभ चंद्राकर को CBI कल रायपुर अदालत में करेगी पेश

1 सप्ताह पहले

CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP